केदारनाथ में हेली एंबुलेंस की हार्ड लैंडिंग, गंगोत्री हादसे के बाद दूसरी बड़ी घटना
केदारनाथ
केदारनाथ धाम में शनिवार को एक बार फिर हेलीकॉप्टर हादसा हुआ। ऋषिकेश एम्स का हेली एंबुलेंस लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। एम्स के पीआरओ संदीप कुमार ने हादसे की पुष्टि की है।
हार्ड लैंडिंग से टूटा टेल बोन
शनिवार को केदारनाथ हेलिपैड से महज 20 मीटर पहले हेलिकॉप्टर की हार्ड लैंडिंग हुई। इस दौरान हेलीकॉप्टर का टेल बोन टूट गया। राहत की बात यह रही कि हेलीकॉप्टर में केवल पायलट सवार था और वह पूरी तरह सुरक्षित है। हेलिकॉप्टर ऋषिकेश से केदारनाथ एक मरीज को लेने आ रहा था।
एम्स की संजीवनी हेली एंबुलेंस सेवा
29 अक्तूबर 2024 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऋषिकेश एम्स की संजीवनी हेली एंबुलेंस सेवा का शुभारंभ किया था। इस सेवा के तहत मरीजों को तीर्थ स्थलों और दूरदराज के इलाकों से हेली एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाया जाता है।
गंगोत्री में भी हुआ था भयावह हादसा
आठ मई को गंगोत्री धाम के गंगनानी के पास एक हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इस हादसे में पांच महिलाओं समेत छह लोगों की मौत हो गई थी। हेलिकॉप्टर के दो टुकड़े हो गए थे और रेस्क्यू टीम को शवों को निकालने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी थी।
हेली सेवा पर उठे सवाल
लगातार हो रहे हेलीक्रैश हादसों ने हेली सेवा की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। केंद्र और उत्तराखंड सरकार के 50-50 फीसदी साझेदारी में संचालित होने वाली एम्स की हेली एंबुलेंस सेवा को लेकर सुरक्षा मानकों की समीक्षा की आवश्यकता पर जोर दिया जा रहा है।