कैंपस इंटरव्यू 5 मई को सोलन में, शिवालिक वर्धमान कंपनियों में 209 पदों पर भर्ती
सोलन
12वीं, ITI और B.Tech पास युवाओं के लिए रोजगार का सुनहरा अवसर, दो नामी कंपनियों में होंगे साक्षात्कार
सोलन जिले में 5 मई 2025 को दो प्रमुख निजी कंपनियों — शिवालिक बायोमेटल कंट्रोल लिमिटेड और वर्धमान टेक्सटाइल्स लिमिटेड — द्वारा 209 पदों के लिए कैंपस इंटरव्यू का आयोजन किया जाएगा। यह जानकारी जिला रोजगार अधिकारी सोलन, जगदीश कुमार ने दी है।
शिवालिक बायोमेटल लिमिटेड में 9 पदों पर होगी भर्ती
चंबाघाट स्थित शिवालिक बायोमेटल कंट्रोल लिमिटेड में 9 पदों के लिए साक्षात्कार होंगे। इन पदों के लिए उम्मीदवार की शैक्षणिक योग्यता 12वीं पास, फीटर, वेल्डर या बी.टेक (मेकैनिकल) होनी चाहिए और आयु 22 से 29 वर्ष के बीच होनी चाहिए।
वर्धमान टेक्सटाइल्स बद्दी में 200 पद, 8वीं से 12वीं पास के लिए अवसर
वर्धमान टेक्सटाइल्स लिमिटेड बद्दी में 200 पदों पर भर्ती होगी। इन पदों के लिए 8वीं से 12वीं पास युवा आवेदन कर सकते हैं। आयु सीमा 18 से 30 वर्ष तय की गई है। साथ ही न्यूनतम ऊंचाई 5 फीट तथा न्यूनतम वजन महिलाओं के लिए 42 किलोग्राम और पुरुषों के लिए 50 किलोग्राम अनिवार्य है।
ऑनलाइन पंजीकरण अनिवार्य, पोर्टल पर उपलब्ध है पूरी जानकारी
जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि सभी इच्छुक उम्मीदवारों को ई.ई.एम.आई.एस. पोर्टल पर पंजीकरण करवाना अनिवार्य है। पंजीकरण के बाद अपनी शैक्षणिक योग्यता के आधार पर अधिसूचित रिक्तियों के लिए आवेदन किया जा सकता है। ध्यान रहे कि आवेदन करने से पहले रोजगार कार्यालय में नाम पंजीकृत होना आवश्यक है।
इंटरव्यू 5 मई को प्रातः 10.30 बजे, यात्रा भत्ता नहीं मिलेगा
इच्छुक उम्मीदवार अपने सभी मूल प्रमाणपत्रों और दस्तावेजों के साथ 5 मई को सुबह 10:30 बजे जिला रोजगार कार्यालय सोलन पहुंचकर साक्षात्कार में भाग ले सकते हैं। आवेदकों को किसी प्रकार का यात्रा भत्ता नहीं दिया जाएगा। अधिक जानकारी के लिए 01792-227242 पर संपर्क किया जा सकता है।