Loading...

कैबिनेट मंत्री बनने पर डाॅ. तंवर ने दी अनिरूद्ध सिंह को बधाई, बोले-

PRIYANKA THAKUR 11 Jan 2023 Edited 11 Jan 1 min read

HNN / शिमला

हिमाचल प्रदेश किसान सभा के राज्याध्यक्ष एवं कसुंपटी से सीपीआईएम के पूर्व प्रत्याशी डाॅ. कुलदीप तंवर ने अनिरूद्ध सिंह को कैबिनेट मंत्री बनने पर शुभकामनाएं दी है। मीडिया को जारी बयान में डाॅ तंवर ने बताया कि यूं तो बीते 20 वर्षों से कसुंपटी से लगातार कांग्रेस का प्रतिनिधित्व कायम है परंतु यदि विकास का आकलन किया जाए तो कसुंपटी विधानसभा क्षेत्र की बदहाली किसी से छुपी नहीं है।

उन्होने कसुंपटी के पिछड़ेपन को दूर करने के लिए विशेष कार्य योजनाएं बनाने की काबीना मंत्री को सलाह दी है। कसुपंटी विस का उल्लेख करते डाॅ तंवर ने बताया कि इस निर्वाचन क्षेत्र में कुल 22 सीनियर सेकेंडरी स्कूल कार्यरत है जिनमें से केवल चार स्कूलों में वाणिज्य और विज्ञान विषय पढ़ाए जाते हैं। यह कटु सत्य है कि इस विधानसभा से बीते कई वर्षो से कोई भी बच्चा सिविल सेवा, डाॅक्टर, इंजीनियर अथवा अधिकारी नहीं बन सका है।

उन्होने बताया कि विशेषकर जुन्गा की 12 पंचायतों के 80 प्रतिशत बच्चे 12वीं कक्षा करने के उपरांत घर ही बेकार बैठे हैं। इस निर्वाचन क्षेत्र में एक मात्र डिग्री काॅलेज कोटी में 2012 से प्राथमिक पाठशाला भवन में चल रहा है। दस वर्ष बीत जाने के बाद भी इस काॅलेज में न ही विज्ञान विषय पढ़ने की सुविधा उपलब्ध है और न ही आज तक कॉलेज का अपना भवन बन सका है। क्षेत्र के बच्चों को काॅलेज आने जाने के लिए बसों की सुविधा भी नहीं है।

स्वास्थ्य सेवाओं का जिक्र करते हुए डाॅ. तंवर ने बताया कि सीएचसी मशोबरा को छोड़कर किसी भी स्वास्थ्य संस्थान में 108 नेशनल एंबुलेंस सेवा उपलब्ध नहीं है। विधानसभा के 14 स्वास्थ्य संस्थानों में विभिन्न श्रेणियों के 54 से अधिक पद रिक्त चल रहे हैं। इसके अतिरिक्त इस निर्वाचन क्षेत्र के अनेक स्कूलों में शिक्षकों के काफी पद रिक्त पड़े हैं जिस कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।

उन्होने वर्तमान सरकार से मांग की है कि जुन्गा को इस विधानसभा के केंद्र बिंदु के रूप में विकसित किया जाए और एसडीएम, ब्लाॅक सहित मुख्य कार्यालय जुन्गा में स्थापित करें ताकि लोगों को बेहतर प्रशासनिक एवं विकासात्मक सुविधाएं मिल सके।