कॉलेज को डिनोटिफाई कर खोला डे बोर्डिंग स्कूल, युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ कर रही कांग्रेस : बलदेव तोमर
नाहन
बलदेव तोमर का तीखा आरोप—शिलाई में कांग्रेस सरकार ने पूर्ववर्ती योजनाओं को पलटकर जनता को भ्रमित किया
कॉलेज को बंद कर स्कूल खोलना बताया जनविरोधी फैसला
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता और पूर्व विधायक बलदेव तोमर ने शिलाई विधानसभा क्षेत्र में कॉलेज को डिनोटिफाई कर उसी स्थान पर राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल खोलने के कांग्रेस सरकार के फैसले की कड़ी आलोचना की है। उन्होंने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार ने वहां अटल शिक्षा केंद्र की नींव रखी थी और पहले चरण में 10 करोड़ रुपये की राशि भी जारी की गई थी, लेकिन कांग्रेस सरकार ने सत्ता में आते ही उस योजना को रोक दिया।
नए नाम की आड़ में पुरानी योजनाएं बंद करने का आरोप
तोमर ने कहा कि कांग्रेस सरकार सिर्फ नाम बदलने और श्रेय लेने में जुटी है। एक तरफ वह भाजपा सरकार की योजनाओं को रोक रही है, दूसरी तरफ उन्हीं स्थानों पर नई योजनाओं का ढोंग कर रही है। उन्होंने कहा कि चल रहे कॉलेज को बंद कर स्कूल खोलना युवाओं के भविष्य के साथ अन्याय है और यह कांग्रेस की अवसरवादी सोच को दर्शाता है।
बच्चों से नारे लगवाना बताया शर्मनाक
बलदेव तोमर ने शिलाई में आयोजित कार्यक्रम पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी कार्यक्रम में बच्चों को जबरन लाकर ‘कांग्रेस जिंदाबाद’ के नारे लगवाए गए, जो न केवल शिक्षा व्यवस्था का अपमान है, बल्कि संविधान की भावना के भी विरुद्ध है। उन्होंने पूछा कि क्या स्कूल अब बच्चों को पढ़ाई की बजाय राजनीतिक नारे सिखाने के लिए खोले जा रहे हैं?
कॉलेज पुनः नोटिफाई करने की मांग, चेताया आंदोलन का रास्ता
उन्होंने स्पष्ट कहा कि भाजपा ऐसे शिक्षा के राजनीतिक दुरुपयोग को बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने सतौन कॉलेज को दोबारा नोटिफाई करने की मांग की और चेतावनी दी कि यदि कांग्रेस सरकार ने जनविरोधी गतिविधियां नहीं रोकीं, तो भाजपा पूरे प्रदेश में जनआंदोलन करेगी।