HNN/ शिलाई
जिला सिरमौर के शिलाई विधानसभा क्षेत्र की कोटि उतराऊ पंचायत प्रधान व 3 वार्ड सदस्यों को विकास कार्यों में अनियमितताएं पाए जाने पर सस्पेंड कर दिया गया है। पंचायत प्रधान उषा देवी, वार्ड सदस्य सतपाल शर्मा, कंवर सिंह व इंदिरा देवी पर छह विकास कार्यों में 11 लाख रुपए की अनियमितताएं पाए जाने के आरोप के चलते अगले आदेशों तक पंचायत के सभी कार्यों से बाहर कर दिया गया है।
अगले आदेश तक यह चारों पंचायत के किसी भी कार्य में भाग नहीं ले सकते हैं। जिला सिरमौर में यह पहली बार है कि जब पंचायत प्रधान के साथ तीन वार्ड सदस्यों को भी सस्पेंड किया गया है। इससे पहले पिछले 11 महीना में जिला सिरमौर से चार प्रधान सस्पेंड हो चुके हैं। जिसमें से तीन शिलाई उपमंडल के ही है।
जानकारी मिली है कि विकास कार्यों में अनियमितताएं पंचायत के लोगों ने प्रधान पर विकास भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे। जिसकी जांच एसडीएम ने की थी। उसके बाद पंचायत प्रधान और वार्ड सदस्यों को नोटिस जारी किए गए थे। नोटिस का संतोषजनक जवाब न मिलने पर अगले आदेश तक पंचायत प्रधान व तीनों वार्ड सदस्यों को सस्पेंड कर दिया गया है।
विदित रहे कि जिला सिरमौर के श्रीरेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र तथा शिलाई विधानसभा क्षेत्र में अक्सर पंचायत प्रधानों पर विकास कार्यों में अनियमितताएं बरतने और भ्रष्टाचार के आरोप लगाते रहते हैं। इन्हीं दो विधानसभा क्षेत्र में सबसे अधिक प्रधान सस्पेंड या बर्खास्त होते हैं।
उधर, जब इस संदर्भ में जिला पंचायत अधिकारी विक्रम ठाकुर से बात की गई, तो उन्होंने बताया कि पंचायत के विकास कार्यों में अनियमितताएं पाए जाने पर कोटि उतराऊ पंचायत प्रधान व तीन सदस्यों को अगले आदेश तक सस्पेंड कर दिया गया है।

