कोटी में किसानों के लिए जागरूकता शिविर का आयोजन, ऑर्गेनिक खेती करने की दी सलाह
HNN / शिमला
हिमालयन वन अनुसंधान संस्थान शिमला के सौजन्य से जुन्गा के समीप कोटी में कृषि वानिकी के माध्यम द्वारा उत्पादन एवं आय वृद्धि पर एक दिवसीय जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें क्षेत्र के करीब 50 प्रगतिशील किसानों व वन विभाग के कर्मचारियों ने भाग लिया।
हिमालयन वन अनुसंधान संस्थान के प्रभारी निदेशक डाॅ. संदीप शर्मान ने संस्थान द्वारा संचालित विभिन्न गतिविधियों तथा कृषि वानिकी द्वारा उत्पादन, आय में वृद्धि तथा इसके लाभ व जीविका पार्जन के बारे में प्रकाश डाला। उन्होने बताया कि किसानों को ऐसी वनस्पति को उत्पादन करना चाहिए ताकि सर्दियों में पशुओं को हरा चारा मिलने से दुध की गुणवत्ता बनी रहे।
उन्होंने बताया कि किसानों को एक से अधिक कृषि फलों को उगाना चाहिए, जो बदलते मौसम में सामंजस्य बिठा सके। बताया कि कार्बन उत्सर्जन को कम करने का प्रयास करने चाहिए। उन्होने किसानों को ऑर्गेनिक खेती करने की भी सलाह दी। इस मौके पर डाॅ. जगदीश सिंह वैज्ञानिक विस्तार प्रभाग ने किसानों को कृषि वानिकी के बारे में विस्तार से जानकारी दी। स्थानीय पंचायत प्रधान रमेश शर्मा ने संस्थान से आए वैज्ञानिकों का स्वागत किया तथा कोटी पंचायत को गोद लेने का आग्रह किया।