क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में कल शुरू होगा हिमाचल और दिल्ली के बीच रणजी मैच
HNN/ धर्मशाला
क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में कल शुक्रवार से हिमाचल और दिल्ली के बीच रणजी मैच शुरू होगा। इसकी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बता दें यह मैच 9 से 12 फरवरी तक होगा। धर्मशाला में हिमाचल की टीम अपना चौथा रणजी मैच खेल रही है। अब तक हिमाचल ने रणजी के पांच मुकाबले खेले हैं।
रणजी के एलीट ग्रुप डी की अंकतालिका में हिमाचल की टीम चार अंकों के साथ आठवें स्थान पर है। जबकि दिल्ली की टीम आठ अंकों के साथ छठे स्थान पर है। दिल्ली के साथ मैच के बाद हिमाचल की टीम अपना अंतिम लीग मुकाबला खेलने के लिए पुडुचेरी जाएगी।
9 से 12 फरवरी तक होने वाले इस मैच का बीसीसीआई टीवी और जियो सिनेमा पर सीधा प्रसारण भी किया जाएगा। मैच में सुबह नौ बजे टॉस होगा। इसके बाद साढ़े नौ बजे पहली गेंद फेंकी जाएगी। शुक्रवार से शुरू होने वाले मैच के लिए एचपीसीए ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।