क्रिसमस और नववर्ष का जश्न मनाने के लिए पहाड़ों की रानी तैयार, यह रहेगी व्यवस्था…
HNN / शिमला
क्रिसमस और नववर्ष का जश्न मनाने के लिए पहाड़ों की रानी शिमला तैयार है। इस मौके पर भारी संख्या में सैलानियों के शिमला पहुंचने की संभावना के मद्देनजर ट्रैफिक व्यवस्था बहाल रखने के लिए प्रशासन की ओर से शहर को पांच सेक्टरों में बांटा गया है। जाम से निपटने के लिए टूरिस्ट प्वाइंटों पर बाइक राइडरों को भी तैनात किया जाएगा। क्रिसमस और नववर्ष के लिए शहर के अधिकतर होटल एडवांस बुक हो चुके हैं।
बड़ी संख्या में पर्यटक जश्न के लिए शिमला पहुंचने वाले हैं। इस वीकेंड पर शहर के होटलों में 70 फीसदी तक कमरे बुक हो चुके हैं। क्रिसमस और न्यू ईयर के लिए होटलों में कमरों की एडवांस बुकिंग में भी तेजी आई है। फेस्टिवल सीजन के लिए शहर के निजी होटलों और पर्यटन विकास निगम ने खास पैकेज जारी किए हैं। क्रिसमस से एक हफ्ते पहले ही शिमला सैलानियों से गुलजार हो गया है। वीकेंड पर भारी संख्या में सैलानियों ने शिमला का रुख किया।
पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र से बड़ी संख्या में सैलानी शिमला पहुंचे हैं। शनिवार के बाद रविवार को भी शिमला में सैलानियों की आवाजाही जारी रही। दोपहर तक पर्यटक वाहन शिमला पहुंचते रहे। कार्ट रोड स्थित बहुमंजिला पार्किंग के अधिकतर फ्लोर रविवार को पैक रहे। कार्ट रोड को मालरोड से जोड़ने वाली पर्यटन विकास निगम की लिफ्ट के बाहर भी पूरे दिन सैलानियों की भीड़ लगी रही।
क्रिसमस और न्यू ईयर के लिए शहर के होटलों में में एडवांस बुकिंग तेज हो गई है। शिमला के अलावा आसपास के पर्यटन स्थलों कुफरी, नारकंडा, मशोबरा, नालदेहरा के होटलों में भी कमरों की एडवांस बुकिंग चल रही है। क्रिसमस और न्यू ईयर के लिए होटलों ने स्पेशल पैकेज जारी किए हैं।