Loading...

टांडा मेडिकल कॉलेज को मिली 23.53 करोड़ की 3-टेस्ला एमआरआई मशीन, जांच क्षमता होगी मजबूत

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 17 Mins Ago • 1 Min Read

कांगड़ा जिले के डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय टांडा में 23.53 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित 3-टेस्ला एमआरआई मशीन मरीजों के लिए शुरू कर दी गई है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने 20 नवंबर 2026 को यह मशीन जनता को समर्पित की। इससे संस्थान की जांच क्षमता बढ़ेगी और उच्च गुणवत्ता वाली इमेजिंग के माध्यम से जटिल बीमारियों का अधिक सटीक निदान करने में मदद मिलेगी।

कांगड़ा/टांडा

मुख्यमंत्री ने बताया कि टांडा चिकित्सा महाविद्यालय में स्थापित यह दूसरी एमआरआई मशीन है। इससे पहले संस्थान में 1.5-टेस्ला एमआरआई मशीन के माध्यम से मरीजों को नैदानिक सेवाएं दी जा रही थीं। नई 3-टेस्ला मशीन शरीर की आंतरिक संरचनाओं की अधिक स्पष्ट और उच्च गुणवत्ता वाली तस्वीरें उपलब्ध करवाएगी। इससे चिकित्सकों को सूक्ष्म अध्ययन करने और जटिल बीमारियों की पहचान में सहायता मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नई मशीन से टांडा चिकित्सा महाविद्यालय की नैदानिक क्षमताएं मजबूत होंगी और संस्थान को प्रदेश के अग्रणी चिकित्सा एवं सुपर स्पेशियलिटी स्वास्थ्य केंद्र के रूप में विकसित करने में सहायता मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार चिकित्सा संस्थानों को आधुनिक जांच और उपचार सुविधाओं से लैस करने का प्रयास कर रही है, ताकि मरीजों को विशेषज्ञ सेवाओं के लिए प्रदेश से बाहर न जाना पड़े।

टांडा मेडिकल कॉलेज को मिली 23.53 करोड़ की 3-टेस्ला एमआरआई मशीन, जांच क्षमता होगी मजबूत

जांच सुविधाओं में प्रतीक्षा अवधि घटाने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने चिकित्सा महाविद्यालय के संकाय सदस्यों और विद्यार्थियों से संवाद करते हुए एमआरआई, सीटी स्कैन, अल्ट्रासाउंड और एक्स-रे जैसी जांच सुविधाएं बिना प्रतीक्षा अवधि के उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने संस्थान में अत्याधुनिक सर्जरी के लिए नए रोबोटिक आर्म्स और 256 स्लाइस सीटी स्कैन मशीन उपलब्ध करवाने का भी आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि सरकार जांच सेवाओं की प्रतीक्षा अवधि को शून्य करने के लिए गंभीरता से प्रयास कर रही है।

उन्होंने बताया कि चिकित्सा महाविद्यालय में विभिन्न श्रेणियों के कर्मचारियों को पदोन्नति दी गई है, जबकि शेष श्रेणियों के कर्मचारियों को भी शीघ्र पदोन्नत करने के प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री के अनुसार प्रदेश के चिकित्सा महाविद्यालयों में इस वर्ष एक साथ 320 पीजी सीटें बढ़ाई गई हैं। इसके बाद पीजी सीटों की कुल संख्या 277 से बढ़कर 597 हो गई है।

मुख्यमंत्री ने टांडा चिकित्सा महाविद्यालय में चिकित्सकों द्वारा 28 किडनी प्रत्यारोपण सफलतापूर्वक किए जाने की उपलब्धि की सराहना की। कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, आयुष मंत्री यादविंद्र गोमा, राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा, हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष आरएस बाली, पूर्व विधायक सुरेंद्र काकू, एपीएमसी कांगड़ा के अध्यक्ष निशु मोंगरा, स्वास्थ्य सचिव आशीष सिंहमार, निदेशक स्वास्थ्य सेवाएं डॉ. गोपाल बेरी और कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. मिलाप सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

Related Topics: •