Loading...

क्रिसमस के जश्न के लिए हिल्स क्वीन शिमला तैयार, पर्यटकों की उमड़ी भीड़

SAPNA THAKUR • 24 Dec 2022 • 1 Min Read

HNN/ शिमला

25 दिसंबर यानी कि कल मनाये जाने वाले क्रिसमस के जश्न के लिए हिल्सक्वीन शिमला पूरी तरह तैयार हो गई है। शहर के होटलों में क्रिसमस सैलिब्रेशन की खास तैयारियां की गई हैं। इतना ही नहीं शिमला के ऐतिहासिक क्राइस्ट चर्च में 25 दिसंबर क्रिसमस डे की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। वीकेंड और क्रिसमस के चलते राजधानी शिमला में बीते गुरुवार से ही पर्यटकों के यहां पहुंचने का सिलसिला शुरू हो चुका था।

इसी के चलते वीकेंड पर भारी संख्या में सैलानियों का हुजूम उमड़ पड़ा। शनिवार को दिन भर सैलानी रिज मैदान सहित माल रोड पर चहलकदमी करते हुए नजर आये। वहीँ, पहाड़ों की रानी शिमला में उमड़े सैलानियों के हुजूम से शिमला, कुफरी, मशोबरा और नालदेहरा पर्यटन स्थल सैलानियों से पूरी तरह पैक हो गए हैं। सभी छोटे और बड़े होटलों में शत-प्रतिशत ऑक्युपेंसी चली हुई है जिससे पर्यटन कारोबार ने रफ्तार पकड़ी है।

बता दें, शिमला में सैलानी बड़ी संख्या में क्रिसमस मनाने पहुंचे है। शिमला के रिज मैदान पर स्थित क्राइस्ट चर्च और कैथोलिक चर्च रोशनी से पहले ही सराबोर है। चर्च पर रंग बिरंगी लाइट की वजह से रिज मैदान और भी ज्यादा खूबसूरत लग रहा है जोकि पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। बीते दो साल से कोरोना की वजह से यहाँ क्रिसमस डे नहीं मनाया जा सका। लेकिन अब हालात सामान्य होने पर यहाँ क्रिसमस डे धूमधाम से मनाया जाएगा।