Loading...

खदराड़ी के पास “मौत की सड़क”, बिना डंगे के गुजर रही बसें, हर पल हादसे का खतरा

Shailesh Saini • 26 Apr 2026 • 1 Min Read

हिमाचल नाऊ न्यूज संगड़ाह

रेणुका जी विधानसभा क्षेत्र के दनोई-छोऊभोगर मार्ग पर खदराड़ी गांव के पास हालात लगातार भयावह होते जा रहे हैं। पिछले एक साल से यहां डंगा (रिटेनिंग वॉल) न लगने के कारण सड़क का हिस्सा कमजोर हो चुका है और अब बसों सहित भारी वाहन जान जोखिम में डालकर यहां से गुजर रहे हैं।

स्थानीय ग्रामीणों में भारी रोष है। उनका कहना है कि कई बार लोक निर्माण विभाग और जनप्रतिनिधियों को इस समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लोगों का आरोप है कि प्रशासन और विभाग किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहे हैं।

ग्रामीणों के अनुसार सड़क के किनारे तेजी से कटाव बढ़ रहा है और नीचे गहरी खाई होने के कारण स्थिति और भी खतरनाक हो गई है। बस चालकों को यहां से गुजरते समय कई बार गाड़ी रोककर बेहद सावधानी से निकालना पड़ता है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

स्कूल जाने वाले बच्चे, बुजुर्ग और रोजाना सफर करने वाले लोग हर दिन इसी खतरे के बीच यात्रा करने को मजबूर हैं। लोगों का कहना है कि यदि जल्द डंगा नहीं लगाया गया तो यह सड़क किसी भी दिन कई जिंदगियां निगल सकती है।

कार्यवाहक अधिशासी अभियंता संगड़ाह खजान सिंह ने बताया कि इस स्थान पर डंगे के टेंडर और वर्क ऑर्डर जारी हो चुके हैं और ठेकेदार को जल्द काम शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।

बरहाल, सवाल यही है कि क्या समय रहते विभाग जागेगा या फिर किसी बड़े हादसे के बाद ही कार्रवाई होगी। फिलहाल खदराड़ी के पास यह सड़क लोगों के लिए हर दिन नई चिंता और खतरे का कारण बनी हुई है।