HNN / पांवटा साहिब
जिला सिरमौर के उपमंडल पांवटा साहिब में वन विभाग की टीम द्वारा एक बार फिर बड़ी कार्यवाही की गई। विभाग द्वारा इस बार अवैध शराब को लेकर कार्यवाही की गई। विभाग ने खारा और लाई के जंगलों में छापेमारी कर दो चलती भट्ठियों को नष्ट किया। इसके साथ-साथ विभागीय कर्मियों ने मौके पर शराब बनाने के लिए तैयार की गई शराब को भी जंगल में बहा दिया।
हालांकि, इस दौरान टीम को कोई भी व्यक्ति मौके पर नहीं मिला। जानकारी के मुताबिक वन विभाग को जंगलों में फिर से अवैध शराब के कारोबार को लेकर सूचना मिली थी। इसके बाद एक टीम का गठन किया गया और खारा और लाई के जंगलो छापेमारी की गई। इसमें आरक्षित वन खारा के जंगल में एक शराब की भट्ठी को तोड़ कर तीन ड्रमों में रखी 300 लीटर शराब को मौके पर ही नष्ट कर दिया।
वहीं, लाई के जंगल में भी एक शराब की भट्ठी को तोड़कर तीन ड्रमों में रखी 400 लीटर शराब भी नष्ट की। मामले की पुष्टि कार्यकारी डीएफओ पांवटा साहिब रामपाल ने की है। उन्होंने बताया कि विभाग की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

