Loading...

गगरेट में सेल्जमैन से 33 हजार की लूट, लुटेरे स्कूटी भी ले गए

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 10 Feb 2025 • 1 Min Read

स्वां नदी के पास बरामद हुई स्कूटी, पुलिस जांच में जुटी

गगरेट के कलोह-शिवबाड़ी मार्ग पर एक सेल्जमैन से लुटेरे 33 हजार रुपए का कैश लूटकर फरार हो गए। यही नहीं, लुटेरे उसकी स्कूटी भी साथ ले गए, जो बाद में गगरेट-अंब रोड के पास स्वां नदी में मिली। घटना की जानकारी मिलते ही गगरेट पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि, अभी तक पुलिस को लुटेरों से संबंधित कोई ठोस सुराग नहीं मिला है।

कैश जमा करवाने जा रहा था सेल्जमैन, रास्ते में लुटेरों ने घेरा

पीड़ित पवन कुमार ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि रात करीब 10 बजे वह ठेके से 33 हजार रुपए का कैश लेकर स्कूटी पर कंपनी के गगरेट स्थित कार्यालय में जमा करवाने जा रहा था। इसी दौरान गगरेट खड्ड के पास लुटेरों ने उसे घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी।

अभी वह कुछ समझ पाता, इससे पहले ही लुटेरों ने उसका कैश से भरा बैग छीन लिया और उसकी स्कूटी लेकर फरार हो गए। पवन कुमार के अनुसार, लुटेरे मोटरसाइकिल पर आए थे।

स्वां नदी के पास मिली स्कूटी, लुटेरों की तलाश जारी

घटना के बाद पवन कुमार ने तुरंत इसकी सूचना गगरेट पुलिस को दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर लुटेरों की तलाश शुरू कर दी।

कुछ घंटों बाद स्वां नदी के पास पवन कुमार की स्कूटी बरामद हुई, लेकिन लुटेरों का अभी तक कोई पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है और संदेह के घेरे में आने वाले सभी संदिग्धों से पूछताछ कर रही है।

पुलिस गहनता से कर रही जांच

डीएसपी डॉ. वसुधा सूद ने बताया कि पुलिस इस मामले की गहनता से जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में कुछ संदिग्धों की पहचान की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ने के लिए सख्त कदम उठाए जाएंगे।