गहरी खाई में लुढ़की कार, पूर्व प्रधान की दर्दनाक मौत, हादसे में दो घायल…
HNN/ शिलाई
जिला सिरमौर में बुधवार सुबह पेश आए एक दर्दनाक सड़क हादसे में पूर्व प्रधान की मौत हो गई है। इसके अलावा हादसे में दो अन्य घायल बताए जा रहे हैं जिन्हें रोनहाट अस्पताल से प्राथमिक उपचार देने के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार (HP 71-6852) में सवार होकर 3 लोग कहीं जा रहे थे।
इसी दौरान जैसे ही गाड़ी नागरिक उपमंडल शिलाई के रोनहाट में सैंज खड्ड सड़क मार्ग पर धाऊ की धार के समीप पहुँची तो चालक ने गाड़ी से नियंत्रण खो दिया और वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से तकरीबन 400 मीटर गहरी खाई में लुढ़क गया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों द्वारा राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया तथा तीनों को गाड़ी से बाहर निकालकर उपचार के लिए रोनहाट अस्पताल ले जाया गया।
यहां पर जीत सिंह (45) पुत्र दौलत राम निवासी गांव व डाकघर बड़ोल उपतहसील हरिपुरधार की मौत हो गई। इसके अलावा विपिन शर्मा (35) पुत्र जगत राम निवासी गांव कांडों डाकघर बड़ोल उपतहसील हरिपुरधार व दलीप सिंह (37) पुत्र जसवा राम निवासी गांव गुआउ डाकघर बड़ोल उपतहसील हरिपुरधार घायल हुए हैं जिन्हें प्राथमिक उपचार देने के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया है। डीएसपी मनीष चौधरी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।