Loading...
una

ग़रीब बच्चियों के सपनों को पंख दे रहा ऊना प्रशासन का ‘सामर्थ्य’ कार्यक्रम

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 24 Apr 2025 • 1 Min Read

ऊना/वीरेंद्र बन्याल

24 बच्चियों को मिल चुकी आर्थिक सहायता, आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहीं बेटियां

ऊना जिला प्रशासन द्वारा संचालित ‘सामर्थ्य’ कार्यक्रम गरीब और जरूरतमंद बच्चियों के लिए उम्मीद की नई किरण बनकर सामने आया है। इस योजना के माध्यम से बच्चियों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने में मदद दी जा रही है, जिससे उनके जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आ रहा है। उपायुक्त जतिन लाल ने बताया कि अब तक 24 बच्चियों को ₹5,86,730 की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। योजना का उद्देश्य न केवल आर्थिक सहारा देना है, बल्कि आत्मनिर्भरता और आत्मविश्वास भी बढ़ाना है।

शिक्षा, स्वास्थ्य और कौशल विकास की नि:शुल्क सुविधा

सामर्थ्य योजना के तहत पात्र बच्चियों को शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और कौशल विकास से जुड़ी विभिन्न सेवाएं निःशुल्क दी जा रही हैं। जिन बच्चियों ने आर्थिक तंगी के कारण पढ़ाई छोड़ दी थी, वे अब इस योजना के सहारे दोबारा शिक्षा की मुख्यधारा से जुड़ रही हैं। उपायुक्त ने कहा कि यह योजना समाज के कमजोर वर्ग को मुख्यधारा में लाने की दिशा में एक ठोस प्रयास है।

लाभ लेने की शर्तें और पात्रता

योजना का लाभ वे बच्चियां उठा सकती हैं जिनके पिता का निधन हो चुका हो या वे 70 प्रतिशत से अधिक दिव्यांग हों। साथ ही, उन्हें बारहवीं के बाद किसी मान्यता प्राप्त संस्थान में उच्च शिक्षा के लिए दाखिला लिया होना चाहिए। इसके अलावा परिवार की वार्षिक आय ₹50,000 से अधिक नहीं होनी चाहिए और बच्ची ऊना जिले की स्थायी निवासी होनी चाहिए। योजना का लाभ लेने के लिए आवश्यक है कि बच्ची किसी अन्य सरकारी योजना का लाभार्थी न हो।

संपर्क जानकारी और सहायता केंद्र

उपायुक्त ने बताया कि योजना से जुड़ी अधिक जानकारी या सहायता के लिए इच्छुक लाभार्थी उपायुक्त कार्यालय ऊना के कमरा नंबर 406 में संपर्क कर सकते हैं। यह पहल निश्चित रूप से उन बच्चियों के लिए एक संबल बन रही है, जो सामाजिक और आर्थिक बाधाओं के बावजूद अपने सपनों को साकार करना चाहती हैं।