गांव के ही व्यक्ति ने महिला के साथ की छेड़छाड़, मामला दर्ज
HNN/ बिलासपुर
जिला बिलासपुर में बरमाणा पुलिस थाना क्षेत्र के तहत एक गांव में एक व्यक्ति द्वारा एक महिला के कमरे में घुसकर उसके साथ छेड़छाड़ की गई। पुलिस ने पीड़ित महिला की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस में दर्ज शिकायत में पीड़ित महिला ने कहा कि उसका पति ट्रक चालक है और 3 दिन पहले वह ट्रक लेकर कहीं बाहर गया था। गत 19 मई की रात करीब डेढ़ बजे किसी ने दरवाजा खटखटाया।
जिस पर उसने यह सोचकर दरवाजा खोल दिया कि उसका पति आया होगा। जब उसने दरवाजा खोला तो एक ग्रामीण सामने खड़ा था। पीड़ित महिला ने आरोप लगाया कि आरोपी उसके कमरे में घुस आया तथा छेड़छाड़ की।
महिला के शोर मचाने पर इसका देवर कमरे में आया तथा आरोपी के चंगुल से उसे छुड़वाया। इस दौरान आरोपी ने उसके देवर के साथ मारपीट की और उसके बाद मौके से भाग गया। उधर, डीएसपी जिला मुख्यालय एवं प्रवक्ता मदन धीमान ने मामले की पुष्टि की है।
