गाड़ी और बाइक की हुई जोरदार टक्कर, एक की मौत, दूसरा जख्मी
HNN/ऊना
जिला ऊना में टाहलीवाल के तहत ट्रक यूनियन कार्यालय के पास एक सड़क हादसा पेश आया है। जहां एक गाड़ी और बाइक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई है, जबकि बाइक चालक घायल हुआ है। मृतक की पहचान बलराम निवासी नया नंगल, जिला रोपड़ (पंजाब) के रूप में हुई है। घायल की पहचान योगेश लखनपाल निवासी नया नंगल के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, योगेश लखनपाल बाथड़ी में ऑक्सीजन गैस सप्लाई की दुकान करने का काम करता है। योगेश लखनपाल के साथ बलराम भी कार्य कर रहा था। इसी दौरान योगेश लखनपाल और बलराम बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थे। तभी ट्रक यूनियन टाहलीवाल के कार्यालय के पास पहुंचते ही एक गाड़ी के साथ उनकी टक्कर हो गई। हादसे में दोनों बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े।
जिसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल नंगल ले जाया गया। जहां पर डॉक्टर ने बलराम को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और गाड़ी चालक कुलविंद्र सिंह निवासी नंगल कलां के खिलाफ मामला दर्ज कर आगमी कार्यवाही शुरू कर दी। एसपी अर्जित सेन ठाकुर द्वारा मामले की पुष्टि की गई है। उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।