गिरि खड्ड में मछली पकड़ने गए बाप-बेटे की करंट लगने से मौत
HNN/ शिमला
राजधानी शिमला के उपमंडल कोटखाई के अंतर्गत एक दर्दनाक हादसा पेश आया है, यहां गिरि खड्ड में मछली पकड़ने गए पिता व पुत्र करंट की चपेट में आ गए, जिस कारण उनकी मौत हो गई है। मृतकों की पहचान गोरख बहादुर थापा (58) पुत्र बल बहादुर थापा निवासी गांव पूनमा, ओडा, वार्ड नंबर-05, नगर पालिका भेरी, जिला जजरकोट अंचलभेरी नेपाल और भीम बहादुर (32) पुत्र गोरख बहादुर थापा के रूप में हुई है।
पुलिस ने कोटखाई अस्पताल में दोनों शवों के पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों के हवाले कर दिया गया है। साथ ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक, सोमवार देर रात दोनों मछली पकड़ने के लिए गिरि खड्ड में उतरे थे। मछली मारने के लिए पास में बिजली के खंबे से तार जोड़कर खड्ड में पानी के बीच डाली।
लेकिन इस दौरान दोनों करंट की चपेट में आ गए और उनकी मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने जब मंगलवार सुबह गिरि खड्ड में पानी के बीच शवों को तैरता देखा तो मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर मामले की जाँच शुरू की। डीएसपी ठियोग सिद्धार्थ शर्मा ने मामले की पुष्टि की है।