Loading...

गुन्नूघाट में एटीएम के सामने खड़ी बाइक चोरी, जांच में जुटी पुलिस

PRIYANKA THAKUR • 22 Dec 2022 • 1 Min Read

HNN / नाहन

जिला सिरमौर में आए दिन चोरी की घटनाएं पेश आ रही है। तो वहीं, अब नाहन में भी चोरी की वारदात पेश आई है। यहां गुन्नूघाट स्थित एसबीआई एटीएम के ठीक सामने खड़ी बाइक को कोई चोरी कर ले गया। शहर में दिनदहाड़े हुई इस चोरी की वारदात से हड़कंप मच गया है। वहीं, पुलिस ने पीड़ित व्यक्ति की शिकायत पर मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।

पुलिस को दी शिकायत में नाहन आईटीआई के नजदीक रहने वाले जगमेल सिंह पुत्र अतर सिंह ने बताया कि वह कालाअंब के एक उद्योग में कार्यरत है। मंगलवार सुबह 8:00 बजे उसने अपनी बाइक गुन्नूघाट में एसबीआई बैंक के एटीएम के ठीक सामने खड़ी की थी। इसके बाद अन्य कर्मचारियो के साथ कालाअंब चला गया। रोज की तरह जब वह शाम छह बजे वापस अपनी बाइक को लेने आया तो बाइक मौके से गायब थी।

शिकायतकर्ता ने बताया कि उसने बाइक को लॉक किया हुआ था। यहां तक कि पेट्रोल पाइप में भी ताला लगाया हुआ था। बाइक की चाबी और उसके कागजात भी उसके पास ही थे। शिकायतकर्ता ने पुलिस से उसकी चोरी हुई बाइक को ढूंढने की गुहार लगाई है। उधर, डीएसपी नाहन मीनाक्षी शाह ने कहा कि पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है, जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होगा।