गोबिंद सागर झील में जल्द ही शुरू होंगी वाटर स्पोर्ट्स गतिविधियां, पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
HNN/ बिलासपुर
जिला बिलासपुर में स्थित गोबिंद सागर झील में वाटर स्पोर्ट्स गतिविधियां जल्द ही शुरू की जाएगी। इससे पर्यटन कारोबार को भी काफी बढ़ावा मिलेगा। जानकारी के मुताबिक, पर्यटन विभाग के पास झील में वाटर स्पोर्ट्स गतिविधियां शुरू करने की अधिसूचना पहुंच गई है। साइट पर गतिविधियां चलाने के लिए स्थानीय लोगों को प्राथमिकता दी जाएगी।
बता दें जल्द ही अब गोबिंद सागर झील में क्रूज, मोटर बोट्स, हाई स्पीड बोट्स और शिकारा पानी पर तैरते नजर आएंगे। झील में करीब 60 कि.मी. के क्षेत्र में यह गतिविधियां शुरू होंगी। बता दें कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने बिलासपुर में इसकी घोषणा की है। उन्होंने कहा कि झील में पर्यटक हर प्रकार की गतिविधियों का लुत्फ उठाएंगे।
किरतपुर-नेरचौक फोरलेन का काफी लंबा भाग गोबिंद सागर झील के किनारे से होकर गुजरता है। झील में अब पर्यटन गतिविधियां होने से फोरलेन से गुजरने वाले पर्यटक आकर्षित होंगे। इससे रोजगार के द्वार भी खुलेंगे और एक नई जगह पर्यटन स्थल के रूप में उभरेगी। इसके साथ ही झील के साथ लगते कई धार्मिक और पर्यटन स्थल भी विकसित होंगे।