ग्राम पंचायत सैनवाला में वित्तीय साक्षरता शिविर आयोजित

Financial-literacy-camp-org.jpg

HNN/ नाहन

हिमाचल प्रदेश सहकारी बैंक कालाअंब द्वारा शुक्रवार को ग्राम पंचायत सैनवाला में नाबार्ड के सौजन्य से एक दिवसीय वित्तीय साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में बैंक प्रबंधक प्रदीप तोमर ने बतौर मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने बताया कि सरकार ने विविध बैंकों के माध्यम से जन-जन के उत्थान के लिए अनेक कल्याणकारी स्कीमें चलाई हुई हैं। इन स्कीमों का लाभ आमजन तक पहुंचे इसके लिए हर गांव-कस्बे में जागरूकता शिविर आयोजित किए जाते हैं।

इस दौरान प्रदीप तोमर ने स्थानीय लोगों को अपने भविष्य को मजबूत बनाने के लिए छोटे-छोटे बचत करने पर बल दिया। उन्होंने बताया कि बचत करके अपने भविष्य में आने वाली वित्तीय समस्याओं को निपटाया जा सकता है। प्रदीप तोमर ने स्थानीय लोगों को भारत सरकार द्वारा चलाई जा रही प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना बारे विस्तृत जानकारी प्रदान की।

उन्होंने अटल पेंशन योजना का लाभ उठाने के लिए लोगों को प्रेरित भी किया। प्रदीप तोमर ने बैंक द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं को भी लोगों को बताया। उन्होंने बैंक की विभिन्न ऋण योजनाओं के बारे में भी लोगों को विस्तृत रूप से जानकारी दी। उन्होंने डिजिटल बैंकिंग के प्रोत्साहन बारे लोगों को जागरूक किया। इस दौरान उन्होंने ऑनलाइन ठगी से कैसे बचा जा सकता है इसको लेकर भी लोगों में जागरूकता पैदा की।