घर की छत पर सोलर लगाएं , सब्सिडी पाएं, बिजली बिल से पाएं छुटकारा
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
नगर निगम ऊना क्षेत्र में शुरू हुई ‘पीएम सूर्य घर : मुफ्त बिजली योजना’, छत पर सोलर लगाने पर मिलेगी 45 हजार रुपये तक की सब्सिडी
नगर निगम ऊना क्षेत्र के निवासियों के लिए केंद्र सरकार की ‘पीएम सूर्य घर : मुफ्त बिजली योजना’ की औपचारिक शुरुआत हो गई है। इस योजना के तहत आवासीय घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाने पर 45,000 रुपये तक की सीधी वित्तीय सहायता यानी सब्सिडी प्रदान की जाएगी।
पर्यावरण संरक्षण के साथ ऊर्जा आत्मनिर्भरता का अवसर
नगर निगम आयुक्त महेंद्र पाल गुर्जर ने बताया कि यह योजना केंद्रीय नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय द्वारा क्रियान्वित की जा रही है, जिसका उद्देश्य आम जनता को स्वच्छ, किफायती और भरोसेमंद ऊर्जा प्रदान करना है। योजना में सब्सिडी सीधे लाभार्थी को दी जाएगी और इसका प्रबंधन नेशनल रूफटॉप सोलर पोर्टल के माध्यम से किया जाएगा।
योजना के लाभ और पात्रता
इस योजना से घरों में बिजली उत्पादन संभव होगा, जिससे हर महीने बिजली बिल में बड़ी राहत मिलेगी। यह पहल हरित ऊना की दिशा में एक मजबूत कदम है। नगर निगम ऊना क्षेत्र का कोई भी आवासीय गृहस्वामी योजना के लिए पात्र है।
कैसे करें आवेदन
योजना का लाभ लेने के लिए https://solarrooftop.gov.in पर पंजीकरण करना होगा और वहां से अनुमोदित वेंडर का चयन करना होगा। नगर निगम ऊना आवेदन की जांच और सत्यापन करेगा। पैनल स्थापना के बाद निरीक्षण और मंजूरी के उपरांत सब्सिडी सीधे लाभार्थी को मिलेगी।
हेल्प डेस्क और जागरूकता अभियान भी शुरू
योजना से जुड़ी जानकारी के लिए नगर निगम कार्यालय में हेल्प डेस्क स्थापित किया गया है। साथ ही नगर निगम द्वारा घर-घर अभियान, कार्यशालाएं और जागरूकता शिविरों का आयोजन भी किया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक नागरिक योजना से जुड़ सकें।