Loading...

घर के पास टहल रहे बुजुर्ग पर बेसहारा बैल ने किया हमला

PRIYANKA THAKUR • 19 Dec 2022 • 1 Min Read

HNN / बिलासपुर

जिला बिलासपुर के उपमंडल झंडुत्ता के तहत आते गांव कोठी में एक बार फिर लावारिस बैल का आतंक देखने को मिला है। यहां बैल ने इस बार बुजुर्ग व्यक्ति पर हमला किया, जिससे बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार बुजुर्ग बृजलाल अपने घर के पास ही टहल रहे थे।

इसी दौरान अचानक पीछे से एक बैल आया और उसने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर से बुजुर्ग व्यक्ति सड़क किनारे बने गड्ढे में जा गिरा। इसके बाद परिवार के सदस्य तुरंत बाहर पहुंचे और उन्होंने बैल को किसी तरह वहां से भगाया और बुजुर्ग को गड्ढे से बाहर निकाल कर तुरंत अस्पताल ले आए, जहां उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।

यदि बुजुर्ग गड्ढे में नहीं गिरता तो बैल उनकी जान ले सकता था। इस हमले के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इन लावारिस बैलों को पकड़ने की गुहार लगाई है।