Loading...

हादसा / नित्थर में घास काटते समय खाई में गिरी महिला, मौके पर मौत

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

हादसा / कुल्लू जिले की नित्थर पंचायत के खड़वेचा गांव की 50 वर्षीय कमला देवी की घास काटते समय करीब 100 मीटर गहरी खाई में गिरने से मौत हो गई। घटना सोमवार दोपहर करीब एक बजे खड़वेचा और टिक्करधार के बीच हुई। सूचना मिलने के बाद पंचायत प्रतिनिधि और पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल निरमंड भेज दिया है।

कुल्लू/नित्थर

जानकारी के अनुसार, कमला देवी पत्नी चेत राम खड़वेचा और टिक्करधार के बीच घास काट रही थीं। इसी दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और वह ढांक से करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरीं। गंभीर हादसे के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर ग्राम पंचायत नित्थर के प्रधान प्रवीण कुमार और उपप्रधान कुकू ठाकुर मौके पर पहुंचे। उन्होंने शव को खाई से निकालने में मदद की और शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी।

पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव

सूचना मिलने के बाद नित्थर पुलिस चौकी के प्रभारी सहित अन्य पुलिसकर्मी भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल निरमंड भेज दिया। डीएसपी आनी राजीव मेहता ने घटना की पुष्टि की है। पंचायत प्रतिनिधियों ने लोगों से घास काटते समय सावधानी बरतने की अपील की है। क्षेत्र में इन दिनों घास काटने का काम चल रहा है, इसलिए ढलानदार और खतरनाक स्थानों पर अतिरिक्त सतर्कता रखने को कहा गया है।

Related Topics: •