Loading...

घर के बाहर टहल रहे युवक के कब्जे से पुलिस ने बरामद की नशे की खेप, पूछताछ जारी

PRIYANKA THAKUR • 26 Nov 2022 • 1 Min Read

HNN / काँगड़ा

जिला कांगड़ा के पुलिस थाना नगरोटा बगवां में पुलिस ने गश्त के दौरान एक युवक के कब्जे से नशे की खेप बरामद की है। आरोपी युवक की पहचान देवेंद्र सैनी पुत्र बलराज सैनी निवासी गांव भाटी, जिला कांगड़ा के रूप में हुई है। दरअसल, पुलिस टीम ने जसौर में गश्त पर मौजूद थी। जैसे ही पुलिस की टीम गांव भाटी पहुंची, यहां उन्होंने देखा कि एक युवक अपने घर के बाहर टहल रहा था।

युवक ने जैसे ही पुलिस को देखा वह घबरा गया और उसने जेब से एक पुड़िया निकालकर सड़क के किनारे फेंक दी। युवक को घबराता देख पुलिस को उस पर शक हुआ और उन्होंने युवक की तलाशी ली। तलाशी के दौरान युवक के कब्जे से कुछ भी बरामद नहीं हुआ। इसी दौरान पुलिस की नज़र सड़क के किनारे पड़े लिफाफे पर पड़ी। पुलिस ने जब लिफाफे को खोला और चेक किया तो उसमें से चिट्टा बरामद हुआ।

जब उसे तोला गया तो वह 6.27 ग्राम पाया गया। पुलिस ने जब युवक से इस बारे में पूछताछ की तो वह कोई भी संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। इसके बाद पुलिस ने नशे की खेप को कब्जे में लेकर युवक को हिरासत में लिया और मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। मामले की पुष्टि थाना प्रभारी रमेश ठाकुर ने की है।