घर के समीप खड़ी ऑल्टो कार में भड़की आग, चंद मिनटों में जलकर हुई राख
HNN/ शिमला
राजधानी शिमला जिला के ठियोग उपमंडल में एक ऑल्टो के-10 कार जलकर रख हो गई है। हालाँकि आग किन कारणों से लगी थी इसका खुलासा अभी तक नहीं हो पाया है। वाहन मालिक राजेंद्र सिंह (44) पुत्र स्वर्गीय लायक राम निवासी गांव शिवालटी ने इस बाबत पुलिस थाना में शिकायत दर्ज करवाई है। वहीं शिकायतकर्ता के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, राजेंद्र सिंह निजी काम के चलते अपनी कार (एचपी 63ए-9218) में ठियोग गया था और शाम करीब 6 बजे जब वह वापस आया तो उसने अपनी कार घर से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर फाइव स्टार रमेश ठाकुर के घर तथा राधा स्वामी सत्संग घर के समीप खड़ी की और घर चला गया।
जिसके बाद रात करीब 9 बजे उसे फोन पर सूचना मिली कि गाड़ी में आग लगी है। सूचना मिलते ही वह तुरंत मौके पर पहुंचा। इस दौरान लोगों द्वारा रेत तथा पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया गया लेकिन देखते ही देखते लाखों रुपए की कीमत वाली कार चंद मिनटों में जलकर ख़ाक हो गई। पुलिस मामले की जाँच कर रही है।