घर में नहाते समय गिरने से 10वीं कक्षा के छात्र की मौत
HNN/कांगड़ा
जिला कांगड़ा में एक निजी शिक्षण संस्थान पपरोला के 10वीं कक्षा के छात्र की घर पर नहाने के दौरान गिरने से मौत हो गई है। मृतक छात्र की पहचान तनिश पुत्र शुभकरण वार्ड 7 निवासी पपरोला के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक तनिश अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। वह अपने घर पर नहा रहा था। इस दौरान वह अचानक ही अनियंत्रित होकर बाथरूम में गिर गया, जिससे उसके सिर पर चोट आई। जब काफी देर तक वह बाथरूम से बाहर नहीं आया तो उसके परिजनों ने उसे बाथरूम में गिरा हुआ पाया।
जिसके बाद वह उसे उपचार के लिए पालमपुर के समीप एक निजी अस्पताल ले गए, जहां उसकी मौत हो गई। वहीं घटना के बाद स्कूल में अवकाश घोषित कर दिया गया। घटना के बाद परिजनों सहित स्कूल में उसके सहपाठी और दोस्तों में दुःख का माहौल है।