चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर सीआईएसएफ गार्ड ने कंगना रनौत को मारा थप्पड़
चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर बीजेपी सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत से बदसलूकी का मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक, कंगना चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर पहुंची थीं। उन्हें फ्लाइट से दिल्ली जाना था।
सिक्योरिटी चेक इन के बाद जब वह बोर्डिंग के लिए जा रही थीं, इसी दौरान सीआईएसएफ गार्ड कुलविंदर कौर ने उन्हें थप्पड़ मारा। आरोपी सीआईएसएफ कर्मी को हिरासत में ले लिया गया है। बताया जा रहा है कि सीआईएसएफ गार्ड कंगना रनौत के किसान आंदोलन के खिलाफ दिए गए बयान को लेकर नाराज थीं।
जानकारी के अनुसार, चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर कर्टन एरिया में कॉन्स्टेबल कुलविंदर कौर ने उनसे बहस की और उन्हें थप्पड़ मारा। सिपाही कुलविंदर को सीओ कक्ष में हिरासत में लिया गया है और पूछताछ जारी है। चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर सीआईएसएफ द्वारा सीसीटीवी की जांच की जा रही है।
बता दें मंडी संसदीय क्षेत्र से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ने वाली कंगना ने विक्रमादित्य सिंह को 74755 वोटों से हराया था। कंगना को कुल 5,37,022 वोट मिले थे। बता दें कि कंगना ने अपने पहले चुनाव में जीत हासिल की।
