चंडीगढ़-मनाली एनएच अभी तक नहीं हुआ बहाल, वाहन चालकों को हो रही परेशानी
HNN/ मंडी
चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे अभी तक भी बहाल नहीं हुआ है। जिससे वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सब्जी और फल लेकर जा रहे वाहन चालकों ने बताया कि सड़क बंद हो जाने के कारण उनके द्वारा ले जाया जा रहा सामान खराब हो रहा है।
हालांकि बीती शाम से ही मंडी से कुल्लू आने-जाने वालों के लिए वैकल्पिक मार्गों से ट्रैफिक डायवर्ट कर दिया गया था, जिसमें मंडी से वाया कमांद कटौला और डडौर से चैलचौक-गोहर होते हुए ट्रैफिक भेजा जा रहा है। लेकिन यहां से भी सिर्फ छोटे वाहनों को ही भेजा जा रहा है, जबकि बड़े वाहन हाईवे पर जाम में ही फंसे हुए हैं।
गौरतलब हो कि भूस्ख़लन होने से बीती शाम चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे 6 मील के पास अवरुद्ध हो गया था। मार्ग बंद होने के कारण दोनों तरफ वाहनों की लंबी लंबी कतारे लग गई थी। वहीं आज सुबह एमसी कंपनी के ठेकेदारों की मशीनरी ने मौके पर मलबा हटाने का कार्य शुरू कर दिया है। लेकिन मलबा काफी अधिक मात्रा में आने से इसे हटाने में अभी समय लग सकता है।