Loading...

चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर पुलिस के हाथ लगी सफलता, 894 ग्राम चरस के साथ धरे दो

PRIYANKA THAKUR • 7 Jan 2023 • 1 Min Read

HNN / मंडी

चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर नाकाबंदी के दौरान पुलिस के हाथ एक और बड़ी कामयाबी लगी है। पुलिस ने दो व्यक्तियों के कब्जे से चरस की खेप बरामद की है। आरोपियों की पहचान 50 वर्षीय देवेन्द्र पाल पुत्र रूढ़ चन्द निवासी सेक्टर-30 चंडीगढ़ और 52 वर्षीय अफजल खान पुत्र फिरोज खान निवासी सेक्टर-30 चंडीगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार सुंदरनगर पुलिस के एएसआई दौलत राम ने देर शाम अपनी टीम के साथ पुंघ में नाका लगाया हुआ था। इस दौरान वहां से गुजरने वाले हर वाहनों की जांच की जा रही थी। उसी समय मंडी से बिलासपुर जा रही चंडीगढ़ नंबर की गाड़ी टाटा इंडिगो (CH01AG-0778) जिसमे दो व्यक्ति बैठे हुए थे, उन्हें चैकिंग के लिए रुकवाया गया।

तलाशी के दौरान व्यक्तियों के कब्जे से 894 ग्राम चरस बरामद हुई। मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी सुंदरनगर दिनेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अधीन धारा 20, 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और मामले में जांच शुरू कर दी है।