चंडीगढ़ से कसोल जा रहे 2 युवकों के साथ मारपीट, मामला दर्ज
HNN/ बिलासपुर
जिला बिलासपुर में स्वारघाट पुलिस थाना क्षेत्र के तहत किरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर टाली के पास 2-3 युवाओं ने गाड़ी रोककर चंडीगढ़ से कसोल जा रहे 2 युवकों के साथ मारपीट की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस में दर्ज शिकायत में शिकायतकर्ता मनमोहन सिंह निवासी सली तहसील शाहपुर जिला कांगड़ा ने बताया कि वह अपनी गाड़ी में सवार होकर कसोल के कुल्लू जा रहा था। उसके साथ गाड़ी में मनोज कुमार निवासी बखरोज तहसील चच्योट जिला मंडी भी सवार था।
शिकायकर्ता ने आरोप लगाया कि जब वह किरतपुर-नेरचौक फोरलेन से गाड़ी लेकर आ रहा था तो टाली के पास दो-तीन युवाओं ने उनकी गाड़ी को रोका और उनके साथ मारपीट की। इस मारपीट से मनोज कुमार के नाक में चोट लगी।
उन्होंने पुलिस में दर्ज शिकायत में यह भी आरोप लगाया कि आरोपियों ने उसकी गाड़ी के चालक व परिचालक साइड के शीशे भी तोड़ दिए। उधर, डीएसपी जिला मुख्यालय मदन धीमान ने मामले की पुष्टि की है।
