Loading...

चंबा के सलूणी-हिमगिरी मार्ग पर बस की ब्रेक फेल, चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 30 May 2025 • 1 Min Read

चंबा

कटोशी के पास ब्रेक फेल होते ही पैराफिट से टकराई बस, सभी यात्री सुरक्षित बाहर निकाले गए

चंबा जिले के सलूणी-हिमगिरी सड़क मार्ग पर गुरुवार सुबह एक निजी बस हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गई। कटोशी के समीप बस की ब्रेक फेल हो गई। लेकिन चालक ने समय रहते स्थिति को भांपते हुए बस को सड़क किनारे लगे पैराफिट से टकरा दिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया

बस में बैठी थीं 15 से 20 सवारियां

हादसे के समय बस में करीब 15 से 20 यात्री सवार थे। जैसे ही बस पैराफिट से टकराई, सवारियों में चीख-पुकार मच गई। लेकिन चालक और परिचालक ने तुरंत सभी यात्रियों को शांतिपूर्वक बाहर निकालकर सुरक्षित बचा लिया। किसी को कोई गंभीर चोट नहीं आई।

सलूणी से भंजराडू जा रही थी बस

प्राप्त जानकारी के अनुसार यह निजी बस सलूणी से चुराह के भंजराडू जा रही थी। बस रोजाना सुबह 7:00 बजे सलूणी से रवाना होती है। गुरुवार को भी निर्धारित समय पर बस निकली थी, लेकिन कटोशी के पास अचानक ब्रेक फेल हो गई।

चालक की तत्परता से बची कई जानें

चालक की तत्परता और सूझबूझ की सराहना की जा रही है। यदि बस को पैराफिट से न टकराया जाता, तो यह गहरी खाई में गिर सकती थी और एक बड़ा हादसा हो सकता था। इस घटना से एक बार फिर वाहन फिटनेस और समय पर जांच की आवश्यकता पर सवाल खड़े हो गए हैं।