Loading...

चंबा-चुवाड़ी टनल के निर्माण को लेकर उठाए जाएंगे आवश्यक कदम- कुलदीप सिंह पठानिया

SAPNA THAKUR • 18 Jan 2023 • 1 Min Read

HNN/ चंबा

विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि चंबा-चुवाड़ी टनल के निर्माण को लेकर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने आगामी पांच वर्षों के दौरान टनल के निर्माण कार्यों को पूरा करने के प्रयास की बात कही। विधानसभा अध्यक्ष भटियात विधानसभा क्षेत्र के तहत सिहुंता में मतदाता आभार रैली को संबोधित करते हुए बोल रहे थे। भटियात विधानसभा क्षेत्र में विकासात्मक गतिविधियों को और बढ़ाए जाने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि विगत कुछ वर्षों के दौरान रुके विकास कार्यों की भरपाई अगले दो वर्षों के दौरान सुनिश्चित बनाई जाएगी।

गत वर्ष भारी बारिश के कारण विस्थापन का दंश झेल रहे क्षेत्रवासियों को भरोसा देते हुए उन्होंने कहा कि एक विशेष कार्य योजना के तहत बेघर हुए लोगों के पुनर्वास के लिए उचित भूमि की व्यवस्था सुनिश्चित बनाई जाएगी। सड़क निर्माण और पेयजल योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को अपनी विशेष प्राथमिकता बताते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने कहा की आगामी दो वर्षों के दौरान सिहुंता-लाहडू-जोत संपर्क सड़क को डबल लेन बनाया जाएगा।

उन्होंने राजकीय महाविद्यालय सिहुंता के भवन निर्माण व चुवाड़ी में भव्य खेल परिसर को एक निश्चित समय सीमा के भीतर पूरा करने का आश्वासन भी दिया। भटियात विधानसभा क्षेत्र के लोगों के विश्वास पर खरा उतरने व लोगों की अपेक्षित आंकाक्षाओं तथा आशाओं के अनुरूप विकासात्मक योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का वायदा करते हुए उन्होंने योजनाबद्ध तरीके से समग्र एवं स्थायी विकास की प्रतिबद्धता का भरोसा भी दिया। उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान के साथ-साथ भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए योजनाबद्ध तरीके से कार्यों को अमलीजामा पहनाया जाएगा।