Loading...

चंबा मेडिकल काॅलेज के स्टाफ पर परिजनों ने लगाया बच्चा बदलने का आरोप

PARUL • 3 Apr 2024 • 1 Min Read

HNN/चंबा

हिमाचल प्रदेश के जिला चंबा में दो परिवारों ने एक-दूसरे पर नवजात बच्चों की अदला-बदली के आरोप लगाए हैं। इसको लेकर मेडिकल कॉलेज चंबा में परिजनों ने मंगलवार को खूब हंगामा भी किया। वहीं, मेडिकल कॉलेज चंबा प्रबंधन के पास जब इस मामले में शिकायत पहुंची तो उन्होंने जांच कमेटी गठित की है। अब कमेटी तीन दिनों में अपनी रिपोर्ट पेश करेगी।

जांच कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर ही आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। मेडिकल काॅलेज चम्बा में 28 मार्च को चुराह व भरमौर क्षेत्र की 2 महिलाओं की डिलीवरी हुई। दोनों ने बेटे को जन्म दिया था लेकिन तीसा की महिला के रिश्तेदारों का आरोप है कि डिलीवरी के बाद उनका बच्चा बदल दिया है। जो नवजात उन्हें सौंपा गया है वह उनका नहीं है। उनका बच्चा ज्यादा स्वस्थ था।

इसी बीच नवजात की बुआ एमएस के पास पहुंच गई। उन्होंने एमएस को बताया कि डिलीवरी के समय वह वहां मौजूद थी। जब वह कंबल लेने बाहर गई तो बच्चा बदल दिया। उन्होंने आरोप लगाया है कि उनके बच्चे को बदलकर दूसरी महिला को दे दिया है। महिला के पति ने मामले की जांच की मांग की है। शिकायत मिलने के बाद एमएस ने कमेटी गठित कर जांच बिठा दी है।

वहीं समाजसेवी स्वामी भुवनेश्वर शर्मा ने मेडिकल काॅलेज चम्बा पहुंचकर एमएस से इस मामले के संबंध में बात की। साथ ही उच्च सारी जांच कर सच सामने लाने का आग्रह किया। उधर, मेडिकल काॅलेज चम्बा के एमएस डाॅ. बिपिन ठाकुर ने कहा कि गठित कमेटी की जांच से अगर नवजात बच्चों के परिजन संतुष्ट नहीं होते हैं तो उसके बाद डीएनए टैस्ट करवाने का भी विकल्प है। डीएनए टैस्ट के आधार पर सच सामने आ ही जाएगा।