चंबा मेडिकल कॉलेज पहुंचे नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, इलाज के लिए जेवर गिरवी रखने वाली लम्बो देवी सहित अन्य मरीजों से मिले
चंबा
हिमकेयर योजना न चलने पर मरीजों की परेशानी सुनकर भड़के नेता प्रतिपक्ष
लम्बो देवी से मिलकर जाना हालचाल
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर देर शाम चंबा मेडिकल कॉलेज पहुंचे और वहां भर्ती मरीजों का हालचाल जाना। उन्होंने इलाज के लिए अपने जेवर गिरवी रखने को मजबूर हुई बुजुर्ग महिला लम्बो देवी और उनके परिजनों से भी मुलाकात की।
ऑपरेशन से पहले डॉक्टर ने दी महंगी दवाइयों की लिस्ट
परिजनों ने जयराम ठाकुर को बताया कि लम्बो देवी को पेट में परेशानी थी, जिसके इलाज के लिए उनका ऑपरेशन किया जाना था। ऑपरेशन से पहले डॉक्टर ने उन्हें एक पर्ची दी, जिसमें बाहर से महंगी दवाइयां लाने को कहा गया। बिल ज्यादा होने के कारण उनके पास अपने जेवर गिरवी रखने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा।
हिमकेयर योजना सिर्फ दिखावा बनी रह गई
जयराम ठाकुर ने कहा कि यह बेहद शर्मनाक स्थिति है कि सरकार दावा तो कर रही है कि हिमकेयर योजना बंद नहीं हुई, लेकिन चंबा मेडिकल कॉलेज में मरीजों को इसका कोई लाभ नहीं मिल रहा है। यहां इलाज के लिए लोगों को अपने गहने तक गिरवी रखने पड़ रहे हैं।
इंजेक्शन और दवाइयों की भारी कमी
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि चंबा मेडिकल कॉलेज में दवाइयों और इंजेक्शन की कमी के कारण मरीजों की जान पर बन आ रही है। यह केवल लम्बो देवी का मामला नहीं है, उन्होंने दर्जनों मरीजों से बात की, किसी को भी हिमकेयर योजना का लाभ नहीं मिल पाया।
सरकार पर साधा निशाना
जयराम ठाकुर ने कहा कि सरकार को ऐसी स्थिति पर शर्म आनी चाहिए। जनता की स्वास्थ्य सुविधाएं पूरी तरह से चरमराई हुई हैं। लोगों को इलाज के लिए अपने गहने तक बेचने या गिरवी रखने पड़ रहे हैं, यह प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था की सच्चाई को दिखाता है।