चरस की खेप सहित लाखों की नकदी बरामद, 4 आरोपी गिरफ्तार
HNN/ चंबा
हिमाचल प्रदेश के जिला चंबा में चरस की बड़ी खेप सहित लाखों की नकदी बरामद की गई है। इस मामले में 2 सगे भाइयों सहित 4 लोगों को हिरासत में लिया गया है। आरोपियों की पहचान बुद्धिप्रकाश निवासी गांव खंटूई, नारायण सिंह निवासी गांव कुम्हारका डाकघर टिकरीगढ तहसील चुराह, मनीष कुमार व तरुण कुमार निवासी मोहल्ला बाई के बाग के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने चंबा-तीसा मार्ग पर बुद्धिप्रकाश और नारायण सिंह से 2 लाख 40 हजार 500 की नकदी पकड़ी थी। पुलिस ने चुनाव आचार संहिता में एक साथ इतनी नकदी लेकर चलने बारे पूछताछ की।
दोनों नकदी साथ रखने का कोई ठोस प्रमाण पेश नहीं कर पाए। संदेह के आधार पर पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की पता चला कि चरस की खरीद-फरोख्त से यह राशी प्राप्त हुई है। इस खुलासे के बाद पुलिस ने हरकत में आते हुए माई का बाग मोहल्ले की एक दुकान में रेड मारी।
पुलिस ने दुकान के निरीक्षण दौरान मनीष कुमार व तरुण कुमार के पास से 5 किलो 856 ग्राम चरस और एक लाख 34 हजार रूपए की नकदी बरामद की। एसपी चंबा अभिषेक यादव ने मामले की पुष्टि की है।