चरस तस्करी मामले में मुख्य आरोपी गिरफ्तार
HNN/कांगड़ा
जिला कांगड़ा के जवाली में पुलिस ने चरस तस्करी मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान सोहन सिंह निवासी गांव तयुक्री (पलोहड़ा ) जवाली के रूप में हुई है। बता दें कि पुलिस ने आरोपी सोहन सिंह को घाटी बैरियर के नजदीक गिरफ्तार किया है। जानकारी के मुताबिक, पुलिस थाना जवाली की टीम ने 23 दिसंबर को जवाली थाने के तहत अमणी गांव में नाकाबंदी की हुई थी।
इसी दौरान एक गाड़ी की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान गाड़ी से एक किलाे चरस बरामद हुई थी और श्यामलाल निवासी गांव जिल्हून, डाकघर झंटीगरी तहसील पधर जिला मंडी को गिरफ्तार किया गया था। आरोपी से पूछताछ की तो उसने बताया कि यह चरस यहां मुख्य आरोपी सोहन सिंह को दी जानी थी। जिसके बाद पुलिस की टीम आरोपी तलाश में जुट गई।
जांच में पाया गया कि आरोपी सोहन सिंह एक ठेकेदार के रूप में कार्य करता है और उसने इससे खूब संपत्ति बनाई थी। पुलिस की ओर से लगातार तलाश जारी रही और शुक्रवार को आरोपी सोहन सिंह को घाटी बैरियर पौंग डैम के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। एसपी नूरपुर अशोक रत्न ने मामले की पुष्टि की है।