Loading...

चाड़ना स्कूल में सामूहिक नकल के आरोप, बोर्ड को भेजी शिकायत

By हिमांचलनाउ डेस्क नाहन Published: 12 Mar 2026, 6:11 PM | Updated: 12 Mar 2026, 6:23 PM 0 min read

संगड़ाह उपमंडल के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चाड़ना में बोर्ड परीक्षाओं के दौरान सामूहिक नकल करवाने के आरोप सामने आए हैं। मामले को लेकर हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड को लिखित शिकायत भेजी गई है।

संगड़ाह

चाड़ना स्कूल में सामूहिक नकल के आरोप, बोर्ड को भेजी शिकायत , कार्यवाहक प्रधानाचार्य ने आरोपों को बताया बेबुनियाद

सिरमौर जिला के उपमंडल संगड़ाह के अंतर्गत आने वाले राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चाड़ना में बोर्ड परीक्षाओं के दौरान सामूहिक नकल करवाने के आरोप सामने आए हैं। मामले को लेकर स्थानीय लोगों ने हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के सचिव को लिखित शिकायत भेजी है।

वीर सिंह और ज्ञान सिंह नामक स्थानीय निवासियों द्वारा भेजे गए शिकायत पत्र में आरोप लगाया गया है कि विद्यालय में चल रही जमा दो की बोर्ड परीक्षाओं के दौरान परीक्षा नियमों की अनदेखी की जा रही है। शिकायत में प्रधानाचार्य और परीक्षा संयोजक पर भी बोर्ड के नियमों की अवहेलना करने के आरोप लगाए गए हैं।

शिकायतकर्ताओं ने यह भी कहा है कि पिछले वर्ष विद्यालय का 10वीं कक्षा का बोर्ड परीक्षा परिणाम शून्य प्रतिशत रहा था। इसके अलावा परीक्षा कक्ष में क्षमता से अधिक विद्यार्थियों को बैठाने, एक पेपर के दौरान लंबे समय तक बिजली गुल रहने पर वैकल्पिक व्यवस्था न करने और प्रधानाचार्य के पति के निजी स्कूल के छात्रों को यहां परीक्षा दिलवाकर नकल करवाने जैसे गंभीर आरोप भी लगाए गए हैं।

वहीं, विद्यालय की कार्यवाहक प्रधानाचार्य मैना कुमारी ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उन्होंने कहा कि निजी स्वार्थ के चलते केवल दो लोगों द्वारा यह निराधार आरोप लगाए गए हैं और विद्यालय में परीक्षाएं शिक्षा बोर्ड के नियमों के अनुसार ही संचालित की जा रही हैं।

उधर, शिक्षा बोर्ड के संबंधित अनुभाग अधिकारी ने फोन पर हुई बातचीत में बताया कि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चाड़ना के संबंध में ईमेल के माध्यम से शिकायत प्राप्त हुई है, जिसकी जांच की जाएगी।