Loading...

चिट्टा तस्कर की 1.06 करोड़ की संपत्ति सीज, कांगड़ा पुलिस की एक सप्ताह में दूसरी बड़ी कार्रवाई

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 8 Jul 2025 • 1 Min Read

कांगड़ा पुलिस ने नशे के खिलाफ अभियान को तेज करते हुए चिट्टा तस्कर पवन कुमार की 1.06 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की है। यह कार्रवाई एक सप्ताह के भीतर दूसरी बड़ी संपत्ति सीलिंग की घटना है, जिससे पुलिस की सख्ती का स्पष्ट संकेत मिला है।

धर्मशाला

दो मकान, गहने और अन्य संपत्तियां जब्त, आरोपी के खिलाफ पांच पुराने केस भी दर्ज

एक करोड़ से अधिक की अवैध संपत्ति जब्त
कांगड़ा पुलिस ने चिट्टा तस्कर पवन कुमार की कुल 1,06,13,067 रुपये की संपत्ति को जब्त कर लिया है। इनमें दो मकान और अन्य संपत्तियां 87.77 लाख रुपये की हैं, जबकि सोने-चांदी के गहनों का मूल्य 18.36 लाख रुपये है। यह संपत्ति दिल्ली स्थित सक्षम प्राधिकारी से अनुमति मिलने के बाद जब्त की गई।

एनडीपीएस के तहत पुराना अपराधी
पवन कुमार को 6 नवंबर 2024 को 26.10 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया गया था। उसके खिलाफ पुलिस थाना कांगड़ा में एनडीपीएस एक्ट के तहत एफआईआर संख्या 180/24 दर्ज है। इससे पहले भी उस पर इसी एक्ट के तहत 2019, 2020 और 2023 में कुल पांच केस दर्ज हो चुके हैं।

अब तक 1.78 करोड़ की संपत्ति पहले भी सीज
कांगड़ा पुलिस पहले भी 1.78 करोड़ रुपये से अधिक की अवैध संपत्तियों को जब्त कर चुकी है। रक्कड़ के छप्पन सिंह की 1.25 करोड़ की संपत्ति भी हाल ही में सीज की गई थी। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से पुलिस का सख्त संदेश सामने आया है।

एसएसपी का सख्त संदेश : नशे के सौदागरों को बख्शा नहीं जाएगा
कांगड़ा की एसएसपी शालिनी अग्निहोत्री ने स्पष्ट किया कि पुलिस का यह अभियान यह दिखाता है कि नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को छोड़ा नहीं जाएगा। पुलिस पूरी मजबूती और प्रतिबद्धता से ऐसे तत्वों पर शिकंजा कस रही है।