चिट्टे जैसे अवैध नशे पर रोक लगाना प्राथमिकता : एसपी निश्चिंत सिंह नेगी
नवनियुक्त एसपी ने संभाला कार्यभार , नशे के खिलाफ सख्त कदम उठाने के निर्देश
जिला सिरमौर के नवनियुक्त एसपी निश्चिंत सिंह नेगी ने सोमवार को नाहन में अपना कार्यभार ग्रहण किया। कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने कहा कि सिरमौर जिला उत्तराखंड, हरियाणा और उत्तर प्रदेश की सीमाओं से जुड़ा हुआ है, जिससे यहां अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण बनाए रखना एक चुनौती है।
जिले का कुल 225 किलोमीटर का क्षेत्र तीन राज्यों की सीमाओं से लगता है, जिसमें 223 किलोमीटर उत्तराखंड और हरियाणा से तथा 2 किलोमीटर उत्तर प्रदेश से जुड़ा है। इस कारण सिरमौर में लॉ एंड ऑर्डर को मजबूत बनाए रखना और नशीली दवाओं की तस्करी पर पूर्ण रूप से रोक लगाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।
युवाओं को नशे से बचाने के लिए विशेष अभियान
एसपी ने कहा कि चिट्टा और अन्य नशीले पदार्थों के कारण युवा तेजी से इसकी चपेट में आ रहे हैं, जो समाज के लिए गंभीर समस्या बनता जा रहा है। इसे जड़ से खत्म करने के लिए और अधिक प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि पुलिस इस दिशा में लगातार बेहतर काम कर रही है, लेकिन अब इसे और कड़ा किया जाएगा। सभी पुलिस थानों और चौकियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे स्थानीय लोगों को नशे के खिलाफ जागरूक करें।
स्कूल-कॉलेजों में जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे
नशे के बढ़ते प्रभाव को रोकने के लिए पुलिस स्कूलों और कॉलेजों में जाकर जागरूकता अभियान चलाएगी। एसपी का कहना है कि नशे का असर केवल एक व्यक्ति तक सीमित नहीं रहता, बल्कि पूरा परिवार इससे प्रभावित होता है। इसलिए जरूरी है कि युवा जागरूक हों और इस बुरी लत से बचें।
अवैध कारोबार की सूचना देने वालों का नाम रहेगा गोपनीय
पुलिस नशे के अवैध कारोबार को खत्म करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। एसपी ने स्पष्ट किया कि ऐसे लोगों की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी, जो नशे के कारोबार से जुड़ी जानकारी पुलिस को देंगे। इससे अधिक से अधिक लोग खुलकर सहयोग कर सकेंगे और नशे की जड़ को खत्म करने में मदद मिलेगी।
अवैध खनन और रैश ड्राइविंग पर भी होगी सख्त कार्रवाई
एसपी ने यह भी कहा कि सिरमौर में रैश ड्राइविंग करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
इसके अलावा अवैध खनन को रोकने के लिए पुलिस, खनन विभाग और वन विभाग के साथ मिलकर अभियान चलाएगी। इससे न सिर्फ पर्यावरण को नुकसान से बचाया जा सकेगा, बल्कि अवैध खनन से जुड़े माफियाओं पर भी शिकंजा कसा जाएगा।
गार्ड ऑफ ऑनर के साथ किया गया स्वागत
नवनियुक्त एसपी जब पुलिस लाइन पहुंचे, तो उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद पुलिस अधिकारियों ने उन्हें पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया और उनके कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।