बोले- जिला में निर्मित किया जाएगा मल्टी फैसिलिटी अस्पताल
HNN / सोलन
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री हिमाचल प्रदेश डाॅ. कर्नल धनीराम शांडिल का सोलन शहर स्थित मुरारी मार्केट के हाॅल में 70 से अधिक विभिन्न संस्थाओं व आम जनता द्वारा नागरिक अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर उन्होंने सोलन की जनता का चुनावों में जन सहयोग देने के लिए आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि वह सोलन के लोगों की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे तथा योजनाबद्ध रूप में विकास कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि ज़िला सोलन उनकी कर्मभूमि है, जिसके विकास में कोई कमी नहीं रखी जाएगी और क्षेत्र की समस्याओं को चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रदेश में बेसहारा बच्चों और एकल नारी के लिए ‘मुख्यमंत्री सुखाश्रय सहायता कोष’ का गठन किया है। इस योजना का उद्देश्य बेसहारा बच्चों और निराश्रित महिलाओं को उच्च शिक्षा की सुविधा प्रदान करना है। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा पहली कैबिनेट बैठक में पुरानी पेंशन स्कीम की बहाली का वादा पूरा किया है।
उन्होंने कहा कि ओपीसी की बहाली से कर्मचारियों के भविष्य सुरक्षित होंगे और उन्हें बुढ़ापे में किसी अन्य पर अर्थिक तौर पर निर्भर नही रहना पड़ेगा। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि शीघ्र ही सोलन में मल्टी फैसिलिटी व आधुनिक अस्पताल का निर्माण किया जाएगा, जिसमें ट्रामा सेंटर सहित रोगियों के लिए सभी प्रकार की सुविधाएं होंगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के स्वास्थ्य संस्थानों में और अधिक सुधार किया जाएगा।

