सरदार सोभा सिंह की 125वीं जयंती पर 125 रुपये का सिक्का जारी करने का निर्णय, मुख्यमंत्री ने बताया सच्ची श्रद्धांजलि
प्रख्यात चित्रकार सरदार सोभा सिंह की 125वीं जयंती के अवसर पर उनके सम्मान में 125 रुपये का सिक्का जारी करने का निर्णय लिया गया है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने इस निर्णय पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे भारतीय कला और संस्कृति के क्षेत्र में सरदार सोभा सिंह के अमूल्य योगदान के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि बताया है।
कांगड़ा
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरदार सोभा सिंह देश के महान चित्रकारों में शामिल थे। भारतीय कला के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान ने उन्हें कला एवं सांस्कृतिक जगत में विशिष्ट पहचान दिलाई। उनकी पेंटिंग और धार्मिक कलाकृतियां भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिकता तथा देश की समृद्ध विरासत को दर्शाती हैं। उन्होंने अपनी कला के माध्यम से हिमाचल प्रदेश को देश के साथ विदेशों में भी अलग पहचान दिलाई।
सरदार सोभा सिंह का कांगड़ा जिले के अन्द्रेटा से गहरा जुड़ाव रहा। उन्होंने अपनी कला साधना से अन्द्रेटा को कला एवं संस्कृति के महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में स्थापित किया। आज यह स्थान देश-विदेश के कलाकारों, कला प्रेमियों और पर्यटकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल युवा पीढ़ी को प्रदेश की समृद्ध कलात्मक एवं सांस्कृतिक विरासत को समझने, संरक्षित करने और आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित करेगी।