Loading...

चुनाव संपन्न होते ही सोलन-ठूंड बस सेवा बंद, परेशानी से जूझ रहे सैंकड़ों लोग

SAPNA THAKUR • 22 Dec 2022 • 1 Min Read

HNN/ शिमला

विधानसभा चुनाव संपन्न होते ही एचआरटीसी सोलन द्वारा पीरन-ठूंड बस सेवा बंद कर दी गई है जिससे मशोबरा ब्लाॅक के अंतिम छोर की दो पंचायतें सतलाई व पीरन के सैंकड़ों लोगों को काफी परेशानी पेश आ रही है। कसुपंटी कांग्रेस के पूर्व मंडल अध्यक्ष अतर सिंह ठाकुर, उपाध्यक्ष दयाराम वर्मा, दौलत राम मेहता, सतलाई पंचायत के उप प्रधान नेत्र सिंह ठाकुर, पूर्व प्रधान सेवक राम ठाकुर, चंचल वर्मा, रमेश ठाकुर, जबर सिंह ठाकुर, राम गोपाल मेहता सहित अनेक लोगों ने बताया कि बीते 27 वर्षों से चल रही सोलन-पीरन-ठूंड बस सेवा भाजपा सरकार के कार्यकाल में अनेकों बार कई-कई महीनों तक बंद रही है।

विधानसभा चुनाव आते ही एचआरटीसी सोलन ने अक्तूबर माह में बस सेवा आरंभ कर दी और चुनाव संपन्न होते ही बंद कर दी गई। जिसके चलते लोगों ने आक्रोश में आकर कांग्रेस पार्टी को वोट डाला। बता दें कि इस क्षेत्र के लोगों की मार्किट सोलन है। लोग अपने कृषि उत्पाद बेचने, रोजमर्रा का सामान व इलाज करवाने सोलन जाते हैं। पूर्व प्रधान दयाराम वर्मा ने बताया कि उनके कार्यकाल के दौरान 7 जनवरी 1995 को पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह द्वारा गिरी नदी के नारिगा पुल पर बने पुल का उद्धघाटन करने के साथ-साथ सोलन से पीरन के लिए बस सेवा आरंभ की गई थी।

इनका कहना है कि प्रदेश में बीते 27 वर्षों में भाजपा सरकार के कार्यकाल में हमेशा विशेषकर पीरन बस सेवा बंद कर दी जाती है जिससे लोगों को बहुत परेशानी पेश आती है। जिला भाजपा सदस्य प्रीतम सिंह ठाकुर ने बताया कि अधिकारियों की नाकामी की वजह से प्रदेश में भाजपा सरकार हारी है। बताया कि इनके द्वारा इस बस सेवा को नियमित चलाने के लिए पूर्व सरकार के कार्यकाल में काफी प्रयास किए गए परंतु एचआरटीसी सोलन के अधिकारी थोड़े दिन बस चलाकर बंद कर देते है।

लोगों को सीमा पर लगते सिरमौर के जघेड़ तक जाने के लिए पीरन व ट्रहाई से प्राइवेट गाड़ी का सात किलोमीटर का किराया चार सौ रूपये अदा करना पड़ता है जिससे गरीब लोग काफी प्रभावित हो रहे हैं। कसुपंटी विस के पूर्व कांग्रेस मंडल अध्यक्ष अतर सिंह ठाकुर ने दावा किया कि अब कांग्रेस की सरकार बनी है और सोलन- पीरन-ठूंड बस सेवा शीघ्र बहाल हो जाएगी जिसके लिए उनके द्वारा मामला विधायक अनिरूद्ध सिंह के ध्यान में लाया गया है।

उधर, क्षेत्रीय प्रबंधक एचआरटीसी सोलन शुगल सिंह ने बताया कि सोलन डिपो में बसों का अभाव है और अधिकांश गाड़ियां खटारा बन चुकी है जिस कारण पीरन-ठूंड बस सेवा बंद कर दी गई थी और शीघ्र ही पुनः आरंभ कर दी जाएगी।