HNN/ चंबा
विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि देश की संप्रभुता की रक्षा के लिए अपने प्राणों को न्योछावर करने वाले महान शहीदों के प्रति श्रद्धा सुमन अर्पित करने के लिए उन सभी शिक्षण संस्थानों का नामकरण अमर शहीदों के नाम से करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे जहां उन्होंने शिक्षा ग्रहण की थी।
विधानसभा अध्यक्ष भटियात विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला साहला के वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रुप में भाग लेते हुए बोल रहे थे। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह किसी भी शैक्षणिक संस्थान के लिए एक अहम दिन होता है जिसमें मेधावी छात्रों को वर्ष भर शिक्षा, खेलकूद, सांस्कृतिक तथा अन्य स्कूली गतिविधियों में किए गए उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया जाता है।
33 लाख से निर्मित अतिरिक्त कमरों का किया लोकार्पण
इससे पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला साहला में 33 लाख रुपये से निर्मित अतिरिक्त स्कूल भवन का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि इस भवन के निर्मित होने से बच्चों को विज्ञान प्रयोगशाला सहित बैठने की सुविधा प्राप्त होगी। विद्यालय में वाणिज्य और विज्ञान संकाय की कक्षाएं शुरू करने का आश्वासन भी विधानसभा अध्यक्ष ने दिया।
क्षेत्र के विकास को विशेष प्राथमिकता
कुलदीप पठानिया ने कहा कि चुवाड़ी-जोत सड़क को डबल लेन करने के लिए 20 करोड़ रुपयों की राशि को स्वीकृति प्रदान की गई है और जल्द निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने आगे कहा कि सियुन्ता-लाहडू सड़क मार्ग को 1 वर्ष के भीतर डबल लेन बनाया जाएगा। इसके साथ लंबित सिंचाई परियोजना फिन्ना सिंह का निर्माण कार्यो को भी जल्द शुरू किया जाएगा।
सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए 21000 हजार का किया ऐलान
विधानसभा अध्यक्ष ने शिक्षा, खेलकूद तथा अन्य स्कूली गतिविधियों मे उत्कृष्ठ रहने वाले बच्चों को पुरस्कृत किया। समारोह के दौरान स्कूली छात्रों द्वारा शानदार रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए। सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए मुख्यातिथि ने स्कूल को 21000 रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की।

