HNN / सिरमौर
बर्फबारी को लेकर आज जारी अलर्ट के बीच वीरवार को सिरमौर व शिमला जिले की करीब 12 हजार फुट ऊंची चोटी व प्रदेश के प्रसिद्ध आराध्य देव शिरगुल महाराज की तपोस्थली चूड़धार में बर्फबारी हुई। चूड़धार में इस मौसम का आज चौथा हिमपात हुआ है। गुरुवार दोपहर बाद चूड़धार में चोटियां सफेद रंग से सज गईं। बता दें कि चूड़धार की चोटी में गुरुवार सुबह से बादलों ने डेरा डाले रखा और दोपहर बाद अचानक मौसम ने करवट बदली व हिमपात शुरू हो गया।
वहीं, नौहराधार, हरिपुरधार आदि स्थानों में हल्की-हल्की बारिश हुई। गौरतलब है कि पिछले तीन चार दिनों से ठंडी शीतलहर व आसमान में बादलों ने डेरा जमाए रखा था, जिससे ठंड बढ़ गई थी इस हिमपात से नौहराधार, हरिपुरधार आदि क्षेत्र के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई। चूड़धार में बर्फबारी और निचले इलाकों में ओलावृष्टि होने से क्षेत्र के तापमान में अचानक भारी गिरावट आई है।
इसके चलते गिरिपार क्षेत्र के कई इलाकों में ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। उधर, चूड़ेश्वर सेवा समिति के प्रबंधक बाबूराम शर्मा ने बताया कि चूड़धार में दोपहर बाद हल्की बर्फबारी हुई है, जिसके कारण तापमान में भारी गिरावट आई है। उन्होंने लोगों से अपील की कि चूड़धार में मौसम काफी खराब है। इसलिए यात्रा पर न आएं। वही, शिमला के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल नारकंडा और कुफरी में सीजन की पहली बर्फबारी हुई है।
शिमला शहर में भी फाहे गिरे हैं। दोपहर बाद रोहतांग और कुंजम दर्रा समेत लाहौल-स्पीति के रिहायशी इलाकों में भी हल्की बर्फबारी शुरू हुई, जिससे दिन का तापमान शून्य से करीब आठ डिग्री तक नीचे लुढ़क गया। जनजातीय क्षेत्र भरमौर और पांगी में ताजा बर्फबारी से क्षेत्र में चारों और बर्फ की चादर बिछ गई है। भरमौर की ऊंची पहाडियों पर वीरवार दोपहर को रुक रुक कर हिमपात होता रहा, जबकि निचले क्षेत्रों मे ठंडी हवाएं चलने से शीतलहर मे काफी तेजी आ गई है।

