Loading...

चूड़धार के घने जंगल में रातभर चला ऑपरेशन, चार श्रद्धालुओं की सुरक्षित वापसी

Shailesh Saini • 44 Mins Ago • 1 Min Read

अंधेरी रात, घना जंगल और दुर्गम पहाड़… पताल खड्ड से दो युवकों को निकाला, पति-पत्नी को भी पुलिस ने खोज निकाला

हिमाचल नाऊ न्यूज हरिपुरधार

अंधेरी रात, घना जंगल और दुर्गम पहाड़… पताल खड्ड से दो युवकों को निकाला, पति-पत्नी को भी पुलिस ने खोज निकालाशिमला। चूड़धार की कठिन पहाड़ी यात्रा से लौटते वक्त घने जंगल में रास्ता भटके चार श्रद्धालुओं के लिए रात बेहद मुश्किल भरी रही, लेकिन शिमला पुलिस ने हार नहीं मानी।

अंधेरी रात, घने जंगल और दुर्गम पहाड़ी इलाके के बीच पुलिस ने पूरी रात सर्च ऑपरेशन चलाया और आखिरकार चारों श्रद्धालुओं को सुरक्षित तलाशकर बाहर निकाल लिया।चार श्रद्धालुओं में दो युवक और एक दंपति शामिल था।

रास्ता भटकने के बाद उन्हें अपनी सही लोकेशन तक का पता नहीं चल पा रहा था। ऐसे में 13 सितंबर की रात 112 कंट्रोल रूम शिमला के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस थाना चौपाल की टीम सक्रिय हुई और बिना समय गंवाए चूड़धार के जंगलों में सर्च एवं रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया।

आधी रात पताल खड्ड की तरफ मिली पहली कामयाबी

अंधेरा गहराता गया, लेकिन पुलिस टीम की तलाश जारी रही। जंगल के दुर्गम हिस्सों में जवान लगातार आगे बढ़ते रहे। इसी दौरान आधी रात के करीब पताल खड्ड की ओर जंगल में फंसे दो युवकों का पता चला। पुलिस टीम ने दोनों को सुरक्षित रेस्क्यू किया और उन्हें सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया।

इसके बाद मिली पति-पत्नी के जंगल में फंसे होने की सूचना

पुलिस का अभियान अभी थमा नहीं था कि दो अन्य श्रद्धालुओं के भी रास्ता भटकने की सूचना मिली। ये दोनों पति-पत्नी थे। इसके बाद पुलिस टीम ने चूड़धार क्षेत्र में फिर से तलाश तेज कर दी। घने जंगल और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बीच जवानों ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को भी सुरक्षित तलाश लिया।चारों श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने के बाद उन्हें वहां ठहराया गया। पुलिस की टीम उनकी सुरक्षित वापसी की कार्रवाई में जुटी रही।

Related Topics: