चूड़धार चोटी पर बिछी बर्फ की सफेद चादर, डेढ़ फुट तक ताजा हिमपात
HNN/ नाहन
जिला सिरमौर की सबसे ऊंची चोटी चूड़धार बर्फ से सफेद हो गई है। चूड़धार चोटी पर भारी हिमपात हुआ है जिससे यहां कड़ाके की ठंड पड़ गई है। हालांकि प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं की सुरक्षा के दृष्टिगत चूड़धार मंदिर के कपाट पहले से ही बंद कर दिए गए थे। चूड़धार चोटी पर वीरवार रात से बर्फबारी का दौर शुरू हो गया था जो कि शुक्रवार तक जारी रहा।
इस दौरान चोटी पर तकरीबन डेढ़ फुट तक बर्फ की चादर बिछ गई है। चूड़धार के आसपास कालबाग, आईनधार छीडीयारा व मलनो आदि स्थानों पर भी एक फुट से अधिक बर्फबारी हो चुकी है। हरिपुरधार में 10 सेंटीमीटर, मां भंगाइनी मंदिर के पास 15 सेमी, दिउड़ी, खड़ाह, थियानबाग बड़ियाल्टा आदि स्थानों पर 20 से 25 सेंटीमीटर ताजा हिमपात हुआ है।
उधर, धार्मिक स्थल चूड़धार में पिछले 7 दिनो से बिजली गुल है। बिजली गुल होने से कई क्षेत्र अंधेरे के आगोश में आ चुके हैं जिससे लोग खासे परेशान हैं।