चोरों ने दुकान में लगाई सेंध, हीटर व नकदी समेत…….
HNN/कांगड़ा
जिला कांगड़ा में पठानकोट-मंडी एनएच पर कोटला के दुर्गा माता मंदिर के सामने चोरों ने एक दुकान में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक, चोरों ने सुबह करीब 4:15 बजे सुधीर कुमार एंड सन्स की दुकान का शटर तोड़कर हीटर और वाटर कूलरों समेत करीब 45,000 की नकदी पर हाथ साफ कर दिया।
चोरों ने पहले रॉड से दुकान के ताले तोड़ने का प्रयास किया है। जब ताले नहीं टूटे तो उन्होंने शटर के नीचे लोहे की रॉड फंसाकर शटर को ऊपर उठाया और उसके बाद दुकान में घुसे। दुकान में लगाए गए सीसीटीवी कैमरे में दो युवकों के चोरी की वारदात में शामिल होने की तस्वीरें साफ दिखाई दे रही हैं, लेकिन इन दोनों के मास्क और टोपी पहनने से उन्हें पहचान पाना मुश्किल हो रहा है।
वहीं दुकान मालिक सुमित अधिकारी ने बताया कि इस चोरी की वारदात में उन्हें करीब 80 हजार का नुकसान हुआ है। एसपी नूरपुर अशोक रतन ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि दुकानदार की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला जाएगा और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।