Loading...

जनगणना-2027 की तैयारियों को लेकर नाहन में जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित

By हिमांचलनाउ डेस्क नाहन Published: 9 Mar 2026, 6:36 PM | Updated: 9 Mar 2026, 6:36 PM 1 min read

नाहन में जनगणना-2027 के पहले चरण की तैयारियों को लेकर जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने अधिकारियों को समयबद्ध और सटीक जनगणना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सिरमौर/नाहन

उपायुक्त की अध्यक्षता में आयोजित हुआ प्रशिक्षण कार्यक्रम

जिला सिरमौर के बचत भवन नाहन में जनगणना-2027 की तैयारियों के लिए जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपायुक्त सिरमौर एवं प्रधान जनगणना अधिकारी प्रियंका वर्मा ने की। प्रशिक्षण में उपमंडल अधिकारियों, तहसीलदारों, नायब तहसीलदारों तथा शहरी निकायों के अधिकारियों ने भाग लिया।

दो चरणों में होगी जनगणना प्रक्रिया

उपायुक्त ने बताया कि जनगणना-2027 दो चरणों में आयोजित की जाएगी। पहले चरण में मकान सूचीकरण और मकानों की गणना की जाएगी, जबकि दूसरे चरण में जनसंख्या की गणना की जाएगी। सिरमौर जिला में पहला चरण 12 मई से 10 जून के बीच संचालित किया जाएगा, जबकि दूसरा चरण 9 फरवरी से 5 मार्च 2027 तक चलेगा।

बर्फीले क्षेत्रों में पहले होगा दूसरा चरण

उन्होंने बताया कि जिला के बर्फीले क्षेत्रों में जनसंख्या गणना का दूसरा चरण इस वर्ष 11 सितंबर से 30 सितंबर 2026 के बीच ही पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनगणना एक राष्ट्रीय महत्व का कार्य है, जिसे सभी विभागों के समन्वय से सटीकता और समयबद्ध तरीके से पूरा करना जरूरी है।

जनगणना से बनती हैं कई योजनाएं

उपायुक्त ने कहा कि जनगणना से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का निर्माण किया जाता है। इसके अलावा निर्वाचन क्षेत्रों, पंचायतों और अन्य स्थानीय निकायों की सीटों का परिसीमन भी इसी आधार पर तय किया जाता है। उन्होंने जिला वासियों से अपील की कि वे जनगणना कार्य में सहयोग करते हुए प्रगणकों को सही जानकारी उपलब्ध कराएं।

इस बार डिजिटल माध्यम से होगी जनगणना

प्रशिक्षण कार्यक्रम में अधिकारियों को बताया गया कि इस बार जनगणना डिजिटल माध्यम से की जाएगी। जनगणना-2027 में पहली बार स्व-गणना की सुविधा भी उपलब्ध करवाई गई है, जिसमें नागरिक आधिकारिक वेब पोर्टल www.census.gov.in/se के माध्यम से अपनी जानकारी स्वयं दर्ज कर सकेंगे।

अधिकारियों ने दी विस्तृत जानकारी

कार्यक्रम के दौरान संयुक्त निदेशक आशीष चौहान, सांख्यिकी अन्वेषक नरेंद्र शर्मा तथा नोडल अधिकारी सूरज धीमान ने जनगणना से जुड़े कार्यों, अधिकारियों की जिम्मेदारियों और समन्वित प्रयासों की आवश्यकता पर विस्तृत जानकारी दी। साथ ही प्रशिक्षण में भाग लेने वाले अधिकारियों के प्रश्नों का समाधान भी किया गया।