जनजातीय गौरव दिवस समारोह के दूसरे दिन पांगी में विभिन्न गतिविधियां आयोजित
HNN / चंबा
जनजातीय गौरव दिवस के दूसरे दिन उपमंडल पांगी के महाविद्यालय किलाड़ में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर आवासीय आयुक्त पांगी अजय कुमार यादव ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। आवासीय आयुक्त अजय कुमार यादव ने बताया कि जनजातीय गौरव दिवस के उपलक्ष पर राजकीय महाविद्यालय , एकलव्य आवासीय विद्यालय किलाड और राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला किलाड़ के विद्यार्थियों ने जनजाति संस्कृति पर आधारित विभिन्न कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
जनजाति संस्कृति पर निबंध लेखन भाषण प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। इसके अतिरिक्त अध्यापकों द्वारा जनजातीय क्षेत्र की जीवन शैली को प्रेजेंटेशन के माध्यम से दर्शाया गया। उन्होंने कहा कि जनजाति संस्कृति के संवर्धन के लिए युवा पीढ़ी का योगदान बेहद जरूरी है। उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले समय में जनजातीय संस्कृति को संजोए रखने के लिए संग्रहालय खोलने का भी प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने विद्यार्थियों से भी आह्वान किया कि अधिक से अधिक सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लें और अपनी संस्कृति को उजागर करने में अपनी भूमिका निभाएं।